वडोदरा में आयोजित कांग्रेस सम्मेलन में राहुल गांधी करेंगे आदिवासियों के मुद्दों पर चर्चा: मुकुल वासनिक

0
5

अहमदाबाद, 23 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार को गुजरात के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वडोदरा में अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस द्वारा आयोजित एक सभा में शामिल होंगे। उनका यह कार्यक्रम खास तौर पर आदिवासी समुदाय के अधिकारों और उनके सामने मौजूद चुनौतियों पर केंद्रित है।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस सांसद मुकुल वासनिक ने बताया कि यह कार्यक्रम वडोदरा में हो रहा है और इसमें हमारे नेता राहुल गांधी खुद शामिल होंगे। अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में आदिवासी समाज से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी, जैसे कि उनके अधिकारों पर होने वाले हमले, उनके विकास के कामों में अनदेखी और अन्य परेशानियां। इस मौके पर अखिल भारतीय आदिवासी कांग्रेस के तमाम साथी और गुजरात के कांग्रेस के प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे।

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी का दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक ‘आदिवासी संविधान अधिकार सम्मेलन’ में रहेंगे। इस दौरान आदिवासी समुदाय के लोग अपने सवाल, सुझाव और समस्याएं सामने रख सकेंगे। खास बात यह है कि सम्मेलन में मध्य और पूर्वी गुजरात के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों के आने की संभावना है।

यह कार्यक्रम कांग्रेस की तैयारी के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। गुजरात में आने वाले दिनों में स्थानीय निकाय चुनाव होने वाले हैं और ऐसे समय में यह सम्मेलन पार्टी के लिए आदिवासी समुदाय के साथ जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने का अच्छा अवसर है। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस बात पर जोर दे रही है कि वह आदिवासी समाज की चिंता और उनकी विकास की दिशा में गंभीर है।

गुजरात दौरे के दौरान राहुल गांधी कांग्रेस नेताओं के साथ आगामी स्थानीय निकाय चुनाव और उपचुनाव को लेकर बैठक भी कर सकते हैं। इस दौरान पार्टी की रणनीतियों पर भी चर्चा हो सकती है।