वसई, 28 फरवरी (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के वसई में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से परिवार शोक में डूबे हैं। घटना के बाद नायगांव पुलिस ने शनिवार को मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात दो युवक मोटरसाइकिल से मुंबई से नालासोपारा की ओर जा रहे थे। बाइक तेज रफ्तार में थी। जैसे ही वे चिंचोटी इलाके में साधना होटल के पास पहुंचे, उसी दौरान ईश्वर साव (उम्र 19 वर्ष) नामक युवक सड़क पार कर रहा था। अचानक सामने आए युवक को बचाने का मौका न मिलने पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ईश्वर साव की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे शाहरुख फुलजहा खान और पीछे बैठे अर्जन शेट्टी भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने कुछ देर बाद घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बाइक दूर तक घिसटती चली गई, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना नायगांव पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना के बाद अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

