वीडीसी बैठक कोई राजनीतिक रैली नहीं, नशा विरोधी अभियान का हिस्सा : ‘आप’ नेता बलतेज सिंह पन्नू

0
6

चंडीगढ़, 17 फरवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज सिंह पन्नू ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश में चल रहे नशा विरोधी अभियान की प्रगति के बारे में अवगत कराया।

‘आप’ नेता बलतेज सिंह पन्नू ने पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ (नशे के खिलाफ युद्ध) अभियान पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया और विपक्ष पर निशाना साधा। पन्नू ने स्पष्ट किया कि पिछले एक साल से पंजाब सरकार नशे के खिलाफ सघन जंग लड़ रही है, जिसके अलग-अलग चरण रहे हैं। अब अभियान का दूसरा फेज शुरू हो गया है, जिसमें विलेज डिफेंस कमेटियों (वीडीसी) के सदस्यों को जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका सौंपी गई है।

पन्नू ने बताया कि राज्य भर में 1.25 लाख से अधिक विलेज डिफेंस कमेटी सदस्य बनाए गए हैं। ये सदस्य गांवों में नशा तस्करी और नशे के सेवन पर नजर रखने, जानकारी देने और जागरूकता फैलाने का काम कर रहे हैं। हाल ही में मोगा जिले के किल्ली चाहलां गांव में इन सदस्यों को शपथ दिलाई गई, जहां वे इकट्ठा हुए थे।

उन्होंने जोर देकर कहा कि यह कोई राजनीतिक रैली नहीं थी। आम लोगों को आने की अनुमति नहीं थी। प्रवेश केवल वीडीसी की वैध आईडी और पहचान पत्र दिखाने के बाद ही दिया गया। अगर यह राजनीतिक सभा होती, तो जगह छोटी पड़ जाती। उन्होंने कहा, “जब भी ‘आप’ 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कोई खुली राजनीतिक रैली करेगी, हम स्पष्ट रूप से घोषणा करेंगे और विपक्ष सहित सभी को सूचित करेंगे।”

पन्नू ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि कुछ दल नशे के खिलाफ इस अभियान से बौखला गए हैं, क्योंकि इससे उनकी पुरानी आदतें और संरक्षण उजागर हो रहा है। उन्होंने मीडिया से अपील की कि अगर कोई फेक ईमेल, मैसेज या अफवाह फैलाई जाए, तो उसे बिना सत्यापन के न्यूज में न डालें। ऐसे प्रयास पैनिक पैदा करने के लिए किए जाते हैं। पहले भी ऐसे फेक मैसेज आए थे, लेकिन उनसे कुछ नहीं निकला। उन्होंने कहा, “आप जिम्मेदार पत्रकार हैं, लोग आपकी बात सुनते और पढ़ते हैं। इसलिए कृपया जिम्मेदारी से काम करें और बिना वेरिफाई किए कुछ भी रिपोर्ट न करें।”

यह प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐसे समय में हुई जब मोगा में आयोजित वीडीसी शपथ समारोह को लेकर विवाद हुआ था। विपक्ष ने इसमें सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी पर सवाल उठाए थे, लेकिन पन्नू ने इसे आधिकारिक कार्यक्रम बताया।