नई दिल्ली, 11 फरवरी (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने संसद में ‘टू इंडियाज’ के जिक्र पर कमीडियन वीर दास के रिएक्शन वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यही “टू इंडियंस” की खूबसूरती है, एक में उससे सवाल पूछा जाता है, तो दूसरे में इसे पीआर के अवसर के तौर पर देखा जाता है।
अभिषेक बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “आह, दो इंडिया की खूबसूरती, एक में, एक कमीडियन से ‘टू इंडियाज’ डिवाइड के बारे में बात करने पर सवाल किया जाता है। दूसरे में, वही बहस एक टूर अनाउंसमेंट के लिए परफेक्ट पीआर बन जाती है। डेमोक्रेसी में सेंस ऑफ ह्यूमर होता है। आपके शो हाउसफुल हों और आगे एक जबरदस्त टूर हो, ऐसी शुभकामनाएं।”
वहीं, इससे पहले वीर दास ने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी द्वारा संसद में दिए गए उनके भाषण में ‘टू इंडिया’ मोनोलॉग का जिक्र करने पर हैरानी जाहिर की थी। केंद्रीय बजट 2026-27 पर अपने भाषण के दौरान बनर्जी ने वीर दास का नाम लेते हुए कहा था कि उन्हें लगता है कि यह एक ‘चेतावनी’ थी, जिसके बाद अभिनेता ने सांसद के भाषण पर अपनी प्रतिक्रिया शेयर करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया था।
मंगलवार को अभिषेक बनर्जी ने संसद में वीर के 2021 के ‘टू इंडिया’ वाले मोनोलॉग को भविष्यवाणी बताया था। उन्होंने कहा, “सर, नवंबर 2021 में, हजारों मील दूर, कैनेडी सेंटर के एक मंच पर, भारत के एक युवा स्टैंड-अप कमीडियन वीर दास ने दो भारत की बात की थी। कई लोग हंसे, और कुछ लोग नाराज भी हुए। कुछ ही लोग ध्यान से सुनने के लिए रुके, लेकिन उन्होंने जो कहा वह हास्य नहीं था। यह एक चेतावनी थी, एक भविष्यवाणी थी, एक ऐसे राष्ट्र के सामने रखा गया दर्पण था जो अपने ही विरोधाभासों के कगार पर खड़ा था, क्योंकि मैं भी, महोदय, दो भारत से आता हूं।”
इसके बाद वीर दास ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपना रिएक्शन वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह हैरानी जताते दिखे कि उनका नाम संसद में लिया गया। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “संसद में आप…? सच में? अरे बाप रे! ये सब संसद में हो रहा है?” वह हंसते हुए पूछते हैं, “कुछ लोग नाराज हुए थे? कौन? संसद के पटल पर?”
दिलचस्प बात यह रही कि वीर ने इस मौके को अपने ‘हे स्ट्रेंजर : ए टूर ऑफ द वर्ल्ड’ की घोषणा के लिए भी इस्तेमाल कर लिया। उन्होंने कहा, “वाह! दोस्तों, मैं देश छोड़ रहा हूं। मैं वर्ल्ड टूर पर जा रहा हूं और लगता है इसकी घोषणा करने का यही सही समय है।”

