विदेशी नागरिकता के लिए नहीं त्यागूंगा भारतीय पहचान : सिद्धार्थ भारद्वाज

0
8

मुंबई, 11 मार्च (आईएएनएस)। मनोरंजन जगत का एक परिचित चेहरा रहे सिद्धार्थ भारद्वाज ने स्टैंडअप-कॉमेडियन के रूप में करियर बनाने की आकांक्षा के साथ अमेरिका का रुख किया था। हालांकि, एक लंबे अंतराल के बाद उन्होंने रियलिटी शो ‘द 50’ के माध्यम से ग्लैमर की दुनिया में एक शानदार वापसी की है।

हाल ही में आईएएनएस के साथ खास बातचीत में उन्होंने अमेरिका के संघर्ष को लेकर बताया कि अमेरिका की नागरिकता लेने के लिए भारतीय नागरिकता नहीं छोड़ सकते। उन्होंने कहा, “वहां पर मेरा सफर काफी शानदार था। वहां ज्यादातर मेरी मुश्किलें ग्रीन कार्ड को लेकर थीं। मैं वहां एक स्थिर जिंदगी और खुद का गुजारा चलाना चाहता था, लेकिन आज मैंने वो मुकाम हासिल कर लिया है और जल्द ही मैं वहां की नागरिकता के योग्य हो जाऊंगा, लेकिन मैं इसे नहीं लूंगा क्योंकि उसके लिए मुझे भारतीय नागरिकता छोड़नी पड़ेगी और ऐसा मैं कभी नहीं करूंगा।

सिद्धार्थ ने बताया कि उन्होंने हॉलीवुड की जिंदगी देखी है और फिर उन्हें फैंस का प्यार वापस भारत ले आया।

रियलिटी शो ‘द 50’ में शुरुआती टास्क के दौरान, करण पटेल ने सिद्धार्थ को धक्का दिया और उन्हें ‘हड्डियां तोड़ने’ की धमकी दी, जिससे दोनों के बीच काफी लड़ाई हुई। इसके अलावा, शो में विक्रम सिंह और रजत दलाल के साथ भी सिद्धार्थ की बहसबाजी हुई थी।

आईएएनएस के एक सवाल का जवाब देते हुए सिद्धार्थ ने कहा, “बहस और झगड़े होना आम बात है, लेकिन मेरा मानना है कि कुछ झगड़े पर्सनल हो गए थे। मेरे शो छोड़ने के बाद भी कुछ लोगों ने दावा किया कि उन्होंने मुझे पहले कई बार बाहर पीटा है। मुझे लगता है कि अगर ऐसा होता, तो पहली बहस में ही वो ये बोलते। मेरे जाने के बाद कहा, जब मैं कुछ नहीं बोल सकता था।”

उन्होंने आगे कहा, “मेरे लिए सबसे दिल को छूने वाले पलों में से एक वह था जब मैं शो से निकला और देखा कि मेरे कुछ साथी कंटेस्टेंट कितने इमोशनल हो गए थे। मनीषा रानी और दूसरे लोगों को मेरे जाने का सच में बुरा लगा। इससे मुझे एहसास हुआ कि मैंने सच्ची दोस्ती और इमोशनल कनेक्शन बनाए हैं। वह याद हमेशा मेरे साथ रहेगी।”

सिद्धार्थ ने अपनी बात को खत्म करते हुए अपने फैंस को सलाह देते हुए कहा, “आजकल ऑनलाइन बहुत लोग छोटे वीडियो और बढ़ा-चढ़ाकर दिखाई गई पर्सनैलिटी से इम्प्रेस करने की कोशिश करते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि उसके पीछे भागने के बजाय असली स्किल्स पर फोकस करें। एक्टिंग, सिंगिंग, कॉमेडी या कोई भी क्राफ्ट को बेहतर करें। वो आपको आगे ले जाएगा। सिंपल लाइफ स्किल्स भी बहुत कीमती हैं। झूठी इमेज बनाने की बजाय कुछ मीनिंगफुल करें।”