बीजिंग, 14 फरवरी (आईएएनएस)। इस सप्ताह चीन के अंतरिक्ष और प्रौद्योगिकी क्षेत्र ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिनमें ‘पहली बार’, ‘पहला’ और ‘पहला उपग्रह’ जैसे मील के पत्थर शामिल हैं।
चीन के मानव चंद्र अन्वेषण कार्यक्रम ने एक महत्वपूर्ण सफलता दर्ज की। 11 फरवरी को लॉन्ग मार्च-10 वाहक रॉकेट के कम ऊंचाई वाले प्रदर्शन परीक्षण और मेंगचोउ मानव अंतरिक्ष यान के अधिकतम गतिक दबाव पर पलायन परीक्षण सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।
इसके अलावा, चीन ने पहली बार समुद्र पर मानवयुक्त अंतरिक्ष यान के रिटर्न कैप्सूल और रॉकेट के पहले चरण की खोज और बरामदगी का कार्य पूरा किया, जो भविष्य के चंद्र मिशनों के लिए महत्वपूर्ण अनुभव प्रदान करता है।
एआई प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में, चीन ने ‘सीयूएचके-1’ नामक दुनिया के पहले एआई बड़े मॉडल उपग्रह का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया, जो शहरी सतत विकास के लिए समर्पित है। वहीं, चीन के ‘थ्यानक्वान’ (आइंस्टाइन प्रोब) उपग्रह ने एक अभूतपूर्व उच्च-ऊर्जा ब्रह्मांडीय विस्फोट का पता लगाया, जिससे ब्लैक होल शोध को नई दिशा मिल सकती है।
इसके अतिरिक्त, चीन के शोधकर्ताओं ने 3-डी प्रिंटिंग तकनीक में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मिलीमीटर आकार की जटिल संरचनाओं को मात्र 0.6 सेकंड में प्रिंट करने की क्षमता विकसित की है, जो चिकित्सा और सूक्ष्म निर्माण जैसे क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

