विपक्ष बेवजह पैनिक फैला रहा है, एलपीजी की कोई कमी नहीं : संजय सरावगी

0
5

पटना, 13 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और देश में ईंधन आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं पर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में विपक्ष द्वारा लोगों के बीच घबराहट फैलाना बिल्कुल उचित नहीं है, जबकि सरकार और प्रशासन स्थिति को संभालने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान से भी बातचीत की है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भारत आने वाले तेल और अन्य जरूरी सामान से भरे जहाजों की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रहे।

संजय सरावगी ने कहा कि विपक्ष जिस तरह से लोगों के बीच पैनिक पैदा करने की कोशिश कर रहा है, वह सही नहीं है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है और जरूरी कदम उठा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले 5–6 दिनों में घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग में बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन प्रशासन इस स्थिति को भी संभाल रहा है और लगातार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने साफ कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और आम लोगों को एलपीजी की सुविधा मिलती रहेगी।

इस दौरान संजय सरावगी ने लोकसभा की कार्यवाही को लेकर भी विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ओम बिरला का पद एक संवैधानिक पद है और यह किसी राजनीतिक दल का पद नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष जिस तरह से सदन का संचालन कर रहे हैं, वह देश के 140 करोड़ लोगों के हित में है।

संजय सरावगी ने आरोप लगाया कि सदन के भीतर विपक्ष के कुछ सदस्यों द्वारा दिखाया गया व्यवहार असंवैधानिक है और इससे देश की संवैधानिक व्यवस्था कमजोर होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में ऐसा व्यवहार उचित नहीं माना जा सकता।

राज्यसभा चुनावों को लेकर भी उन्होंने जानकारी दी। संजय सरावगी ने बताया कि 16 तारीख को होने वाले राज्यसभा चुनाव के संबंध में एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई गई थी। संजय सरावगी ने कहा कि इस चुनाव को लेकर एनडीए के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं।