‘वो तो आतंकवाद का खेल खेलने में लगे हैं’, पाकिस्तान की हार पर मुख्तार अब्बास नकवी ने कसा तंज

0
8

नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान की करारी हार पर तंज कसते हुए कहा कि यह देश दूसरे खेलों में यकीन नहीं करता है, वह तो सिर्फ आतंकवाद का खेल खेलना जानता है।

नई दिल्ली में आईएएनएस से बातचीत में भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की आज हालत ऐसी है कि चाहे वह खेल का मैदान हो या अन्य मैदान, भारत से हार का सामना करना पड़ता है। भारत के साथ हर मोर्चे पर उसे मुंह की खानी पड़ रही है। पाकिस्तान को आतंकवाद का खेल खेलना है, इसीलिए, उसे हर जगह से बेइज्जती का सामना करना पड़ता है। यह देश सिर्फ आतंकवाद का खेल खेलने में लगा है तो उसका दूसरे खेल में कैसे मन लगेगा।

वंदे मातरम की नई गाइडलाइंस पर उठ रहे सवालों को लेकर मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि राष्ट्रीय गीत की सांप्रदायिक लिंचिंग की जो सोच है, आपराधिक अराजकता है। उन लोगों को मैं कहना चाहूंगा कि आपका ईमान राष्ट्रीय गीत गाने या सुनने से, उस पर खड़े होने से अगर हिचकोले खाने लगता है तो आपसे बड़ा कोई बेईमान नहीं है। आपका ईमान अगर इतनी कमजोर डोर से बंधा हो जो राष्ट्रीय गीत से खत्म हो जाएगा या खतरे में आएगा तो आपको अपने ईमान के बारे में सोचना पड़ेगा। वंदे मातरम भारत की राष्ट्रवादी आत्मा है।

टीपू सुल्तान विवाद पर भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि हार से मानसिक रूप से हारे और निराश होकर उनका दिमाग भटक गया है। दूसरी बात यह है कि देश का एक बड़ा वर्ग टीपू सुल्तान और उनके इतिहास को नापसंद करता है, और फिर भी आप टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से कर रहे हैं।

कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे के बयान पर नकवी ने कहा कि भाजपा और संघ बिना रुके या थके देश बनाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं, जबकि ये लोग दुख और मातम मना रहे हैं। उन्हें विलाप करते रहने दो।

चुनाव आयोग के एक्शन पर भाजपा नेता ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पूरा सिस्टम चरमरा गया है। जिस तरह से गैर-कानूनी तरीके से और सरकार की तरफ से स्पॉन्सर किए गए क्रिमिनल हमले हुए हैं, वह चिंता की बात है। ऐसा लगता है कि पश्चिम बंगाल सरकार संवैधानिक जिम्मेदारियों के लिए कमिटेड नहीं है, बल्कि कम्युनल हितों और अराजकता के साथ जुड़ी हुई है। टीएमसी की विदाई का बैंड-बाजा बज चुका है।

राहुल गांधी पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि बिल्कुल सही बात है कि राहुल गांधी सिर्फ झूठ फैला रहे हैं और किसानों को गुमराह कर रहे हैं। यह पहली बार नहीं है। वे हमेशा देश के हित में जो भी चीजें होती हैं, उसमें कंफ्यूजन का तड़का लगाते हैं।