वांग यी की किम जोंग उन से मुलाकात, चीन-उत्तर कोरिया संबंधों को नई दिशा देने पर जोर

0
8

नई द‍िल्‍ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने शुक्रवार को प्योंगयांग में वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया के महासचिव और डेमोक्रेटिक पीपल्स रिपब्लिक ऑफ कोरिया (डीपीआरके) के स्टेट अफेयर्स के प्रेसिडेंट किम जोंग उन से मुलाकात की।

इस दौरान वर्कर्स पार्टी ऑफ कोरिया की 9वीं कांग्रेस और डीपीआरके की 15वीं सुप्रीम पीपल्स असेंबली के कामयाब आयोजन पर वांग यी ने जनरल सेक्रेटरी शी जिनपिंग की तरफ से जनरल सेक्रेटरी किम जोंग उन को बधाई दी।

उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि महासचिव किम जोंग उन के मजबूत नेतृत्व में उत्तर कोरिया की जनता मिलकर काम करेगी और देश में समाजवादी निर्माण का कार्य लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा।

वांग यी ने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर में महासचिव किम जोंग उन ने सफलतापूर्वक चीन का दौरा किया और चीनी जन प्रतिरोध युद्ध और विश्व फासीवाद-विरोधी युद्ध की विजय की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उस दौरान महासचिव शी जिनपिंग और महासचिव किम जोंग उन के बीच ऐतिहासिक बैठक हुई, जिसने चीन-उत्तर कोरिया संबंधों को रणनीतिक दिशा दी और द्विपक्षीय संबंधों में एक नया अध्याय शुरू करने में मदद की।

किम जोंग उन ने वांग यी के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया और शी जिनपिंग को हार्दिक शुभकामनाएं देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष सितंबर में शी जिनपिंग के साथ उनकी मुलाकात की यादें अभी भी ताजा हैं। उन्हें खुशी है कि उस बैठक में बनी महत्वपूर्ण सहमतियां अब व्यावहारिक रूप से लागू हो रही हैं और चीन-उत्तर कोरिया संबंध दोनों देशों की जनता की इच्छा के अनुरूप नए स्तर पर पहुंच गए हैं।

उत्तर कोरिया ने कहा कि वह वर्कर्स पार्टी की 9वीं कांग्रेस में तय किए गए बड़े लक्ष्यों के अवसर पर चीन के साथ मिलकर समाजवाद को केंद्र में रखते हुए मित्रता और सहयोग को आगे बढ़ाना चाहता है। वह उच्चस्तरीय आदान-प्रदान बढ़ाने, रणनीतिक संवाद मजबूत करने, पारस्परिक समर्थन को और गहरा करने तथा अपने-अपने समाजवादी विकास को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है, ताकि दोनों देशों के लोगों की भलाई और विश्व शांति एवं स्थिरता में योगदान दिया जा सके।