नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा के वरिष्ठ नेता सतीश उपाध्याय ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के पास काम करने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसीलिए वे घटनाओं में भी राजनीति करने के अवसर तलाशते हैं।
केजरीवाल ने दिल्ली में एक घटना का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि भाजपा ने छह महीने में दिल्ली को बर्बाद कर दिया। इस पर पलटवार करते हुए उपाध्याय ने कहा कि केजरीवाल ने अपने शासन में दिल्ली को बर्बाद किया था। अब भाजपा सरकार दिल्ली को दोबारा संवार रही है।
आईएएनएस से बातचीत में उपाध्याय ने कहा कि केजरीवाल के बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। दिल्ली की जनता भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेती। अकस्मात होने वाली घटनाएं अक्सर किसी के नियंत्रण से बाहर होती हैं। इनका राजनीतिकरण करना दर्शाता है कि उनके पास अब करने को कुछ बचा नहीं है। दिल्ली में विकास हो रहा है और जनता की राय ही सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की भाजपा सरकार से दिल्ली की जनता संतुष्ट है। इसी दीपावली पर लोग एक दूसरे को मिठाई खिलाकर और ग्रीन पटाखे जलाकर त्योहार मना रहे हैं।
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के दीपावली पर दिए बयान को लेकर सतीश उपाध्याय ने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को ज्ञान बांटना अच्छा लगता है। लोग अपनी तरह से त्योहार मनाते हैं। दशहरा से छठ पूजा तक हम उत्सव मनाते हैं। लाभ के लिए इस तरह के बयान देना ठीक नहीं। इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लिखा कि अपने निवास पर स्थित एसडीए कार्यालय में दीपावली पूजा की। हमारे पूरे स्टाफ के साथ दीपावली मनाना हमेशा एक विशेष और हृदयस्पर्शी क्षण होता है,जिनमें से कई दशकों से हमारे साथ हैं। उनका समर्पण और सहयोग वास्तव में हमारी सबसे बड़ी ताकत है। प्रकाश का यह त्योहार सभी के लिए खुशियां, सकारात्मकता और समृद्धि लाए। सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं।