‘मैं हूं बॉलीवुड’ में अभिनेत्री सुधा चंद्रन ने डांस से दर्शकों का दिल जीता, सरोज खान को किया याद

0
10

मुंबई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और नृत्यांगना सुधा चंद्रन ने हाल ही में एक शानदार नृत्य प्रदर्शन के साथ दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने इस खास मौके पर मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुधा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे एक मंच पर भावपूर्ण नृत्य करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो के साथ उन्होंने अपने दिल की बात फैंस के साथ साझा की और सरोज खान के प्रति अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

सुधा ने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “कल मुझे यह सम्मान और सौभाग्य प्राप्त हुआ कि मैं मैडम सरोज खान जी के कोरियोग्राफ किए गाने पर डांस कर सकूं। यह शानदार आयोजन ‘मैं हूं बॉलीवुड’ में था, जिसका आयोजन मैथिल कोटनीस ने किया था और अनिता जी ने इसका समन्वय किया था। सरोज मैम, आपकी बहुत याद आती है।”

‘मैं हूं बॉलीवुड’ कार्यक्रम में सुधा की प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया। उनके डांस में भावनाओं और ऊर्जा का अनोखा संगम देखने को मिला, जो सरोज खान की कोरियोग्राफी की विशेषता रही है। सुधा ने अपने प्रदर्शन के जरिए सरोज के कालजयी गीतों को जीवंत कर दिया।

अभिनेत्री सुधा चंद्रन ने ‘नागिन’, ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’, ‘कस्तूरी’, ‘कहीं किसी रोज’ जैसे सीरियल में अपने किरदार से घर-घर में जगह बनाई थी। वह एक शानदार डांसर हैं। उन्होंने 3 साल की उम्र से ही डांस सीखना शुरू कर दिया था।

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1984 में रिलीज हुई फिल्म मयूरी से की थी। इस फिल्म की खास बात यह थी कि यह फिल्म सुधा चंद्रन की जिंदगी पर ही आधारित थी। फिल्म को तेलुगु में रिलीज किया गया था और बाद में इसे तमिल और मलयालम में डब किया गया था। हिंदी में भी इसका रीमेक बना था, जिसका नाम ‘नाचे मयूरी’ था।

सरोज खान बॉलीवुड की पहली महिला कोरियाग्राफर थीं। उनका निधन 3 जुलाई 2020 को कार्डियक अरेस्ट से हो गया था। पहले उनका नाम निर्मला नागपाल था। हिंदू परिवार में जन्मी निर्मला नागपाल ने बाद में इस्लाम धर्म स्वीकार कर लिया था।