पटना, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर एनडीए को घेरा। उन्होंने कहा कि एनडीए ने बिहार को धोखा दिया है। जनता ने मन बना लिया है कि अब हिसाब लिया जाएगा।
राजद प्रवक्ता ने कहा कि 14 नवंबर के बाद बिहार में तेजस्वी यादव के नेतृत्व में महागठबंधन की मजबूत सरकार बनेगी।
महागठबंधन द्वारा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा और वीआईपी नेता मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि बिहार की जनता ने तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री मान लिया है। वे जनता की आशा, विश्वास और बिहार का भविष्य हैं। मुकेश सहनी बिहार के अति पिछड़े समाज के बेटे हैं और इस फैसले से राज्य की जनता खुश है।
आईएएनएस से बातचीत में तिवारी ने दावा किया कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव के चेहरे पर ही वोट डालेगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन 243 सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन को टिकट से वंचित कर दिया गया है, तो अल्पसंख्यकों के बारे में वे क्या कहेंगे।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को बिहार की जनता खोज रही है। जनता इसी चुनाव का इंतजार कर रही थी, जब पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को एनडीए ने धोखा दिया है। राज्य के साथ सौतेला व्यवहार हुआ है। बिहार गरीबी, बेरोजगारी और पिछड़ेपन का दंश झेल रहा है। हर मामले में बिहार पिछड़ गया है। एनडीए ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया।
तेजस्वी यादव की चुनावी जनसभाओं पर तिवारी ने कहा कि 14 नवंबर के बाद तेजस्वी के नेतृत्व में यहां सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि महागठबंधन ने तय कर दिया है कि हमारे सीएम फेस और डिप्टी सीएम फेस कौन होंगे। लेकिन, एनडीए में सीएम फेस ही नहीं है। तेजस्वी यादव और कांग्रेस ने चुनौती दी थी, उसके बारे में एनडीए बताए। लेकिन, एनडीए सीएम फेस घोषित नहीं कर रहा है।













