पीएम मोदी ने पूरे साल में एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली, राहुल गांधी हर 15 दिन में ब्रेक लेते हैं: रवि किशन

0
17

नई दिल्ली, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में चुनाव सुधारों को लेकर चर्चा के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष पर तीखा प्रहार किया और कहा कि देश का प्रधानमंत्री और राज्य का मुख्यमंत्री घुसपैठिये तय नहीं करेंगे।

इसी कड़ी में भाजपा सांसद और एक्टर रवि किशन ने भी आईएएनएस से बात करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।

रवि किशन ने कहा, ”अब हमें समझ आ गया है कि कितने घुसपैठिए हैं। बिहार में बड़ी संख्या में फर्जी वोटर पाए गए, जिनमें से 65 लाख को हटाया गया है।”

उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भी 70 से 80 लाख फर्जी वोटर सूची से हटाए जाएंगे, और उत्तर प्रदेश में भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं जिनकी संख्या सुनकर लोग हैरान रह जाएंगे।

इसके अलावा, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कामकाजी प्रतिबद्धता पर भी बात की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पिछले 365 दिनों में एक भी दिन की छुट्टी नहीं ली, जबकि लोकसभा के प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी हर 15 दिन में ब्रेक लेते हैं। वह बिहार चुनावों के दौरान भी नहीं दिखे।

रवि किशन ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह जनता के लिए समर्पित हैं। कोरोना महामारी के दौरान भी उन्होंने देश को कठिनाइयों से बाहर निकालने में निर्णायक भूमिका निभाई। उनकी मेहनत और निरंतर सक्रियता ही देश को सशक्त बनाए रखने का आधार है।

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में चुनाव सुधारों पर चर्चा के दौरान कहा था कि देश का प्रधानमंत्री और राज्य का मुख्यमंत्री घुसपैठिये तय नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अधिकार केवल भारत के नागरिकों का है। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने प्रधानमंत्री बनाया है, वह विपक्ष की कृपा से नहीं बने। उन्होंने चुनावी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की जरूरत पर भी बात की।