पूर्णिया एयरपोर्ट ने पार की 50 हजार यात्रियों की ऐतिहासिक उपलब्धि, तीन महीने में रिकॉर्ड वृद्धि

0
15

नई दिल्ली, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) ने शुक्रवार को पूर्णिया एयरपोर्ट के ऐतिहासिक उपलब्धि की घोषणा की। अथॉरिटी ने बताया कि अपने प्रचालन की शुरुआत से अब तक पूर्णिया एयरपोर्ट ने 50 हजार से अधिक यात्रियों को सुरक्षित और सुगम सेवाएं प्रदान की है। 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नवनिर्मित टर्मिनल भवन के उद्घाटन के बाद से सीमांचल क्षेत्र में हवाई यात्रा की मांग तेजी से बढ़ी है, जिसका सीधा असर यात्री संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि के रूप में देखा गया।

एएआई के अनुसार, सितंबर 2025 में जहां कुल 2,718 यात्री पूर्णिया हवाई अड्डे से आए और गए। वहीं, अक्टूबर में यह संख्या 11,337 तक पहुंच गई। नवंबर में यात्री संख्या 30,094 तक पहुंची और दिसंबर में 12 तारीख तक 9,127 यात्री सेवा प्राप्त कर चुके थे। कुल मिलाकर अब तक 53,276 यात्री यहां से आवागमन कर चुके हैं। इनमें 26,695 आगमन और 26,581 प्रस्थान के यात्री शामिल हैं। इस अवधि में कुल 592 विमान आवागमन दर्ज किए गए, जिनमें 296 आगमन और 296 प्रस्थान शामिल रहे। 67.18 एकड़ में फैला यह हवाई अड्डा तेजी से उत्तरी बिहार के सबसे महत्वपूर्ण हवाई केंद्रों में शामिल होता जा रहा है।

एएआई ने बताया कि शुरुआत में बनी अंतरिम टर्मिनल बिल्डिंग 300 यात्रियों की क्षमता के साथ तैयार की गई थी, जिसमें स्टार एयर और इंडिगो द्वारा अहमदाबाद और कोलकाता के लिए उड़ानों का संचालन किया गया। बढ़ती मांग को देखते हुए जल्द ही इन सेवाओं को प्रतिदिन कर दिया गया और इसके साथ नई दिल्ली और हैदराबाद के लिए नई उड़ानों की शुरुआत की गई। इससे पूर्णिया हवाई अड्डे से उड़ानों की कुल संख्या बढ़कर 10 प्रतिदिन हो गई, जो इस क्षेत्र को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने में बड़ी भूमिका निभा रही है।

हवाई यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए, हवाई अड्डे का विस्तार किया जा रहा है। पांच विमान पार्किंग (ए-320 और एटीआर प्रकार के) के साथ एक एप्रन बनाया जा रहा है, जिसे 12 पर्किग (10 ए-320 और 2 एटीआर प्रकार के विमानों ) तक बढ़ाने का प्रावधान है। इसके अलावा, व्‍यस्‍ततम समय के दौरान 3,000 यात्रियों को सेवा प्रदान करने की क्षमता वाले एक 30 हजार वर्ग मीटर के नए टर्मिनल भवन का निर्माण वर्तमान टर्मिनल के पास किया जा रहा है। इस नए टर्मिनल में एयरोब्रिज और अत्‍याधुनिक सुविधाएं होंगी, जो देश भर के प्रमुख हवाई अड्डों के मानको के अनुरूप होगी।

अथॉरिटी ने आगे कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया आपकी कुशल, सुरक्षित और यात्री अनुकूल हवाई अड्डा प्रचालन बनाए रखने के लिए निरंतर कार्यरत है।