पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि, भाजपा नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

0
5

नई दिल्ली, 30 जून (आईएएनएस)। भाजपा के दिवंगत नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि पर सोमवार को भाजपा के कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी। उनके पुत्र और मंत्री प्रवेश वर्मा ने हवन में आहुति देकर अपने पिता को याद किया।

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने दिल्ली में जो नींव अपने कार्यकाल के दौरान रखी थी, उस पर आज हमारी सरकार टिकी हुई है।”

उन्होंने कहा, “आज डॉ. साहिब सिंह वर्मा की पुण्यतिथि है। आज उन्हें हर कोई याद कर रहा है। दिल्ली में हजारों कार्यकर्ताओं ने उनके साथ काम किया और दिल्ली के विकास में अहम योगदान दिया। आज सभी कार्यकर्ता डॉ. साहिब सिंह वर्मा के कार्यों को याद कर रहे हैं। इसी वजह से आज इतनी बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं।”

वीरेंद्र सचदेवा ने डॉ. साहिब सिंह वर्मा को अद्वितीय नेता बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने हर पद पर रहते हुए निष्ठापूर्वक काम किया, चाहे नेता हो या कार्यकर्ता। हर पद पर रहते हुए उनका एकमात्र मात्र लक्ष्य दिल्ली का विकास करना रहा और इस दिशा में उन्होंने सर्वोपरि योगदान दिया, जिसे आज भी दिल्ली की जनता याद करती है। दिल्ली की जनता आज भी इतने सालों के बाद इस बात को स्वीकार करती है कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने दिल्ली के विकास की नींव डाली है, जिस पर आज सरकार टिकी हुई है।

उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में साहिब सिंह वर्मा जैसे व्यक्तित्व बेहद ही कम मिलते हैं, जो हर पद पर रहते हुए अपनी तरफ से अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं।

वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली की जनता उनके विकास को याद कर रही है, उनके प्रशासन को याद कर रही है। भारतीय राजनीति में साहिब सिंह जैसे नेता बहुत कम ही देखने को मिलते हैं। उन्होंने राजनीति को एक नई दिशा दी थी। उनके जाने के इतने सालों के बाद लोग उन्हें याद करते हैं, जिससे यह साफ जाहिर होता है कि लोग उनसे कितना प्यार करते थे। उनका समाज से कितना गहरा लगाव था।

हरियाणा सरकार के पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा, “डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने देश की राजनीति को मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया। उन्होंने एक गांव से चलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में जिस प्रकार से यहां के स्वरूप को बदलने का प्रयास किया, वो प्रशंसनीय है। इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली ग्रामीण के लोगों को यह एहसास दिलाया कि यहां की सरकार उनकी सरकार है। उन्होंने यहां के लोगों को आत्मविश्वास से भरा।

उन्होंने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा ने कई बड़े पदों पर काम किया। जब उन्हें भारत के श्रम मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली, तो उन्होंने दिल्ली की अनाधिकृत कॉलोनी को जोड़ने का काम किया। साहिब सिंह वर्मा के नेतृत्व में काम कर चुके सभी कार्यकर्ता आज की तारीख में कई बड़े पदों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने हमेशा ही गरीब, किसान और मजदूरों की बात की।