पूर्वी उत्तर प्रदेश में पहली नवंबर से होगी धान की खरीद

0
7

लखनऊ, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। पूर्वी उत्तर प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पहली नवंबर से धान खरीद शुरू होगी, जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी। इस अवधि में लखनऊ संभाग के उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ में भी धान खरीद होगी। वहीं पहली अक्टूबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लखनऊ संभाग के हरदोई, लखीमपुर खीरी और सीतापुर जनपदों में धान खरीद चल रही है।

डबल इंजन की सरकार ने इस वर्ष धान के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि भी की है। धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (कॉमन) 2369 और (ग्रेड ए) 2389 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है। वहीं, दो महीने में 2.17 लाख से अधिक किसानों ने योगी सरकार की नीतियों पर समर्थन जताते हुए बिक्री के लिए पंजीकरण भी करा लिया है।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के संभागों में पहली नवंबर से धान खरीद शुरू होगी। यह खरीद पूर्वी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, गोरखपुर, देवीपाटन, बस्ती, आजमगढ़, वाराणसी, मीरजापुर व प्रयागराज संभाग में होगी। इसके साथ ही लखनऊ संभाग के लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव में भी पहली नवंबर से खरीद होगी, जो 28 फरवरी 2026 तक चलेगी।

धान बिक्री के लिए पहली सितंबर से पंजीकरण प्रारंभ हो गया था। 31 अक्टूबर (सुबह 11 बजे) तक 2,17,625 किसानों ने पंजीकरण करा लिया। वहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश के 17 हजार से अधिक किसानों से एक महीने के भीतर 1.06 लाख मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीद की जा चुकी है। योगी सरकार के निर्देश पर तेज गति से चल रहे कार्य की बदौलत 3920 क्रय केंद्र भी खुल गए हैं। धान बिक्री के लिए किसानों का पंजीकृत होना अनिवार्य है।

किसानों को खाद्य व रसद विभाग की वेबसाइट एफसीएसडॉटयूपीडॉटगॉवडॉटइन या मोबाइल ऐप यूपी किसान मित्रा पर पंजीकरण कराना होगा। खरीद पंजीकृत किसानों से ही होगी। खाद्य व रसद विभाग के मुताबिक, किसान किसी भी सहायता या जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 18001800150 पर कॉल या अपने जनपद के जिला खाद्य विपणन अधिकारी, तहसील के क्षेत्रीय विपणन अधिकारी व ब्लॉक के विपणन निरीक्षक से भी संपर्क साध सकते हैं। योगी सरकार ने 48 घंटे के भीतर किसानों को भुगतान का निर्देश दिया है।

—आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी