राहुल गांधी इस देश में आम आदमी के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं : हुसैन दलवई

0
19

मुंबई, 23 जनवरी (आईएएनएस)। भोपाल से पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पर तंज कसा। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी के पीएम बनने पर भी बिना नाम लिए निशाना साधा।

साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने साफ तौर पर कहा कि एक विदेशी महिला का बेटा शासन करने के लायक नहीं हो सकता और वह कभी देशभक्त नहीं हो सकता है, यह बिल्कुल सुनिश्चित है। उनके इस बयान के बाद देश की सियासत तेज हो गई है।

महाराष्ट्र से कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने पूर्व सांसद के बयान पर आपत्ति जताई है। मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि राहुल गांधी इस देश में आम आदमी के अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं। पूर्व सांसद में हिम्मत है तो आम जनता के अधिकारों के लिए लड़ कर दिखाएं। मैं समझता हूं कि वे खुद देश की नंबर वन दुश्मन हैं। राहुल गांधी की मां देश की नागरिक हैं। उनके बारे में कुछ भी कहना ठीक नहीं है।

उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद कौन-कौन से कार्य करती हैं, उसकी जांच होनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा कभी भी जनता के लिए काम नहीं करती है और यह इस पार्टी की नीति है। भाजपा जनता के खिलाफ है। अगर जनता के हित को ध्यान में रखा जाता तो प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर गंभीर आरोप लगने के बावजूद उन्हें भोपाल से टिकट नहीं दिया जाता। इससे भाजपा की तस्वीर सामने आ गई है।

कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि पूर्व सांसद को क्या पता है कि कांग्रेस ने इस देश की आजादी के लिए कैसे लड़ाई लड़ी। उस समय उनके पूर्वज कहां थे?

बता दें कि पूर्व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सदस्यों की कोई विचारधारा नहीं है, बिल्कुल नहीं है। वे जहां चाहते हैं, वहां जाते हैं और उसी हिसाब से जीते हैं। इसलिए, मैं कहती हूं कि ऐसे व्यक्ति की बातों में कोई विश्वसनीयता नहीं है। जो भगवा को आतंकवाद कहता है, जो हिंदुओं को आतंकवादी कहता है, मैं उस व्यक्ति की कोई बात नहीं मानती। उनका चरित्र पूरी तरह से अलग और गलत है।