राष्ट्रीय गीत को दो भागो में बांटने की वजह से ही देश का बंटवारा हुआ: भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह

0
19

नई दिल्ली, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह ने सोमवार को वंदे मातरम के 150 साल पूरे होने के मौके पर कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया।

आरपी सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में दावा किया कि कांग्रेस की ओर से वंदे मातरम को दो भागों में बांटने की वजह से ही देश का बंटवारा हुआ। यह कदम मुस्लिम समुदाय के दबाव की वजह से कांग्रेस को उठाना पड़ा था। वंदे मातरम को दो भागों में विभक्त किया जाना ही आगे चलकर देश के बंटवारे का कारण बना।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम देश की आजादी की लड़ाई में लोगों को एकजुट करने का आह्वान था। लेकिन, कांग्रेस ने राजनीतिक लाभ अर्जित करने और एक समुदाय को खुश करने के लिए इस तरह की कोशिश की, जिसे अब मौजूदा राजनीतिक स्थिति में किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है।

इसके अलावा, उन्होंने पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती के बयान पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि इससे यह साफ जाहिर होता है कि इंडिया गठबंधन के सहयोगी पीडीपी की कैसी सोच है। आखिर किस प्रकार की सोच महबूबा मुफ्ती की है?

वहीं, भाजपा नेता अजय आलोक ने भी वंदे मातरम पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में विस्तृत तरीके से बताया कि कैसे कांग्रेस ने वंदे मातरम के साथ समझौता किया और 1937 के बाद इसमें से कुछ छंद हटा दिए गए। कांग्रेस ने यह कदम मुस्लिम समुदाय की तरफ से मिल रहे दबाव की वजह से उठाया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में यह भी बताया कि किस तरह से कांग्रेस ने वंदे मातरम को आत्मसात करने से परहेज किया।