राजद का 13वीं बार अध्यक्ष बनकर लालू यादव ने पार्टी की ‘तेरहवीं’ कर दी : नित्यानंद राय

0
3

पटना, 24 जून (आईएएनएस)। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव को फिर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। ऐसे में भाजपा के नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लालू यादव पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि राजद का 13वीं बार अध्यक्ष बनकर लालू यादव ने पार्टी की तेरहवीं कर दी है।

पटना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने राजद को परिवारवादी पार्टी बताते हुए कहा कि राजद ने लालू यादव को एक बार फिर से अध्यक्ष बनाकर साबित कर दिया है कि यह पार्टी परिवार के बाहर जा ही नहीं सकती है। यह परिवारवादी पार्टी है जो भ्रष्टाचार के लिए ही बनाई गई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में परिवारवाद राजतंत्र की निशानी है। यह लोकतंत्र का मजाक है। अब राजद के लोग भी कहते हैं कि पार्टी में यह वंशवाद ठीक नहीं है। राजद को जनता सबक सिखाएगी।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा, ” बिहार की जनता को लोकतंत्र पर विश्वास है। भारत की व्यवस्था लोकतांत्रिक है। संविधान ने भी लोकतंत्र की भावना दी है। भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र कहा भी जाता है। दूसरी ओर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का परिवार परिवारतंत्र में ही जीना सीखा है। आगे भी जिस किसी का नाम अध्यक्ष पद के लिए तय होगा वह उस परिवार से बाहर नहीं जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र के जो भी सच्चे पुजारी हैं वह राजद में रह ही नहीं सकते हैं। इधर, ईरान से भारत के नागरिकों की वापसी पर उन्होंने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं तब से मुसीबत में फंसे लोगों को प्रधानमंत्री वापस लाने का काम करते रहे हैं। चाहे वह कोरोना का काल हो या दो देशों के बीच युद्ध का काल हो। यहां तक कि जो देश सक्षम नहीं हैं, उनके नागरिक भी भारत का तिरंगा लेकर वापस आए हैं और फिर अपने देश गए।