सड़कें हैं सामाजिक-सांस्कृतिक प्रगति का आधार: सीएम मोहन यादव

0
17

भोपाल, 10 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि लोक निर्माण से लोक कल्याण की भावना साकार होती है। सड़कें सिर्फ यातायात का माध्यम नहीं हैं, बल्कि सामाजिक-सांस्कृतिक प्रगति का आधार हैं।

मुख्यमंत्री यादव ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि सड़कें केवल यातायात का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और सामाजिक-सांस्कृतिक प्रगति का आधार हैं। विभाग का उद्देश्य प्रत्येक निर्माण कार्य को सिर्फ एक तकनीकी परियोजना के रूप में नहीं, बल्कि जनता के जीवन स्तर को सुधारने वाले साधन के रूप में देखना है।

सीएम यादव ने कहा कि गुणवत्ता, पारदर्शिता और नवाचार के साथ प्रत्येक परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, यही प्रयास लोक निर्माण से लोक कल्याण की भावना को साकार करते हैं। उन्होंने कहा कि हर सड़क, हर पुल, हर परियोजना जनता के जीवन को सरल और सुरक्षित बनाने की हमारी संकल्पना का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने निर्देश दिए कि मेट्रोपॉलिटन एरिया और समीपवर्ती क्षेत्रों में राजमार्गों का घनत्व बढ़एं। पूरे प्रदेश को समावेशित कर समग्र विकास पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही जबलपुर और ग्वालियर को भी मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र घोषित किया जाएगा। शहरी, ग्रामीण एवं औद्योगिक क्षेत्रों सभी को अधोसंरचना विकास का लाभ प्राप्त हो, इस आधार पर प्रस्ताव की परिकल्पना की जाए।

उन्होंने कहा कि राजमार्गों का घनत्व राष्ट्रीय स्तर के समीप ले जाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट के आधार पर प्रस्ताव तैयार करें। प्रस्ताव में स्थानीय मांगों और सुझावों को यथोचित स्थान दिया जाए। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि एक्सप्रेसवे आधुनिक समय की मांग है। इन अधोसंरचनाओं के विकास में ग्रामीण क्षेत्र की सुविधाओं का ध्यान रखा जाए। आवश्यकतानुसार फ्लाईओवर, अंडरपास, और सर्विस लेन को प्रस्ताव में शामिल करें।

बैठक में बताया गया कि सिंहस्थ-2028 के कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। प्रस्तावित कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की जा चुकी है। दिसंबर के अंत तक कार्य प्रारंभ हो जाएंगे।