गिरिडीह, 25 जून (आईएएनएस)। देश में आपातकाल लगाए जाने की घटना के 50 साल पूरे हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में इस घटना को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मना रही है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी संविधान को अहमियत नहीं दी।
बाबूलाल मरांडी गिरिडीह के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। वहां मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस के नेता पॉकेट में संविधान लेकर घूमते हैं और जगह-जगह निकालकर दिखाते हैं कि ‘संविधान बचाओ’। वास्तविकता यह है कि संविधान की इन लोगों ने धज्जियां उड़ाई हैं। इसका जीता जागता उदाहरण 25 जून 1975 है। (तत्कालीन प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी ने इस दिन देश में आपातकाल लगा दिया था। कांग्रेस पार्टी कभी संविधान का सम्मान नहीं करती।”
मरांडी ने कहा, “इंदिरा गांधी के विरोध में इलाहाबाद हाई कोर्ट ने जब फैसला सुनाया था, तो इन्होंने रातों-रात इमरजेंसी लगा दी और देशभर के नेताओं को जेल भेजने का काम किया। आज संविधान की हिमायती बन रही कांग्रेस ने 1975 में संविधान को किस तरह कुचला था, यही बताने के लिए हम सभी इकट्ठा हुए हैं।”
झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मरांडी ने कांग्रेस के साथ-साथ प्रदेश की हेमंत सोरेन सरकार पर भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन को काम करने का मौका मिला है। विकास का काम करें और राज्य को आगे ले जाएं। लेकिन, वास्तविकता यह है कि सत्ता में बैठे लोग प्रदेश को लूटने में लगे हुए हैं। योजनाओं में कमीशन ले रहे हैं। इससे प्रदेश का विकास प्रभावित हो रहा है।
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर उन्होंने कहा कि काम करने का मौका मिला है तो विकास का काम कीजिए, भ्रष्टाचार मुक्त शासन दीजिए। वास्तविकता यह है कि सत्ता में बैठे लोग प्रदेश को लूटने में लगे हुए हैं। विकास योजनाओं में लोग कमीशन ले रहे हैं। इससे प्रदेश का विकास प्रभावित हो रहा है।