सरकार को मौजूदा समय के आपातकाल के बारे में सोचना चाहिए : अखिलेश यादव

0
5

फर्रुखाबाद, 25 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पार्टी के संस्थापक सदस्य रहे छोटे सिंह यादव के त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने के लिए बुधवार को फर्रुखाबाद पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने मौजूदा समय के आपातकाल को ध्यान में रखने की बात कही।

भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस सरकार के 1975 में लगाए गए आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में कार्यक्रम कर रही है। इस पर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि घोषित और अघोषित दो तरह का आपातकाल होता है। आपातकाल की अगर चर्चा हो रही है तो इस समय जो आपातकाल चल रहा है। उसका ध्यान भी रखा जाना चाहिए। कांग्रेस की स्थापना इटावा में हुई थी, जबकि भाजपा की विचारधारा अंग्रेजों की बनाई थी।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नकारात्मक राजनीति करती है। भाजपा धर्म से धर्म को और जाति से जाति को लड़ाना चाहती है। यहां राज्य सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर हम लोग आउटसोर्स खत्म करेंगे और पक्की नौकरी देंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव यहां आए थे। भाजपा यादव के रूप में उन्हें प्रचारित कर रही है। लेकिन, उनके रहते ही यहां किसी की चोटी काटी गई और किसी पर पेशाब डाली गई। मोहन यादव को एक बार फिर आना चाहिए और दोनों परिवारों से मिलना चाहिए।

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर भी भ्रष्टाचार में डूबे होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अमेरिका के दबाव में सीजफायर हो रहा है। सीजफायर सरकार ने व्यवसाय के दबाव में ही स्वीकार किया था। सरकार स्वदेशी की बात करती है लेकिन यहां ज्यादातर लोगों के पास चीन के बने मोबाईल हैं।

-आईएएनएस

पीएके/