उत्तर प्रदेश: मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने जौनपुर का किया दौरा

0
16

जौनपुर, 8 दिसंबर ( आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने सोमवार को अपने जौनपुर दौरे के बारे में जानकारी दी।

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि इस दौरे के दौरान उन्होंने अपने सहयोगी मंत्री गिरीश चंद्र यादव के दिवंगत पिता को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सरकार की तरफ से चलाए जा रहे बिल राहत योजना का पुनरीक्षण किया, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की गई कि इस योजना का लाभ लोगों को मिल पा रहा है कि नहीं। इस योजना से कई लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षों से जिन लोगों ने बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया है, वो लोग अब सिर्फ एक तिहाई या एक चौथाई बिल का भुगतान करके बड़े आर्थिक दबाव से छुटकारा पा जाएंगे। एक तिहाई या एक चौथाई बिल का भुगतान करने के बाद उन्हें शेष बिल का भुगतान नहीं करना होगा। एक परिवार का बिल 33 हजार रुपए था, लेकिन सिर्फ 13 हजार रुपए में उसका निपटारा हो गया। इसी तरह से कई लोगों को इसका फायदा मिल रहा है। हर जिले और पंचायत में इसका लाभ मिल रहा है। हम इस योजना के बारे में लोगों को बता रहे हैं, ताकि उन्हें फायदा मिल सके।

मंत्री ने कहा कि सभी लोग निकटतम विभाग में जाकर इस योजना का लाभ ले सकते हैं। हम जिला कोर कमेटी में जाकर लोगों के बीच में चर्चा कर रहे हैं। हम उनसे इस बारे में चर्चा कर रहे हैं कि कैसे जिले का विकास किया जाए। हम चाहते हैं कि जिले का कोई भी व्यक्ति विकास के कार्यों से वंचित न रहे।