विदेश यात्रा के बाद शायद राहुल गांधी की निराशा कम हो: शाइना एनसी

0
16

मुंबई, 12 दिसंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जर्मनी दौरे पर शिवसेना नेता शायना एनसी ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि उम्मीद करते हैं कि विदेश यात्रा के दौरान उनकी निराशा कम होगी।

शाइना एनसी ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि विदेशी दौरे से लौटने के बाद राहुल गांधी सदन में केवल ‘वोट चोरी’ का मुद्दा नहीं उठाएंगे, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा, विकास और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी गंभीर बहस करेंगे।

उन्होंने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि राहुल गांधी काफी निराशा में हैं, इसीलिए वे कई बार सदन में ऐसे शब्दों का प्रयोग करते हैं जिससे सामने वाले सदस्य का अपमान हो। दुख की बात यह है कि वे ऐसा कई बार कर चुके हैं।

शाइन एनसी का यह बयान उस वक्त आया है जब राहुल गांधी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में एनडीए सरकार जिस तरह देश चला रही है, उससे राहुल गांधी को आपत्ति है। हमारे नेता एकनाथ शिंदे भी नेता प्रतिपक्ष के इस तरह के व्यवहार से सहमत नहीं हैं। राहुल गांधी को चाहिए कि वे संसद में रचनात्मक बहस करें।

शाइना एनसी ने कहा कि विदेश यात्रा के बाद शायद उनकी निराशा कम हो और वे नए विचार लेकर आएं। अभी तक जो देखने में आ रहा है, वे बार-बार निराशा ही दिखाते हैं। राहुल गांधी विदेश में जाकर भारत को बदनाम करने वाले बयान देते हैं, लेकिन अपने वोटरों और अपने देश की संसद के प्रति जिम्मेदारी नहीं निभाते। उन्हें सदन के अंदर ही अपने विचार रखने चाहिए।

शाइना एनसी ने कहा कि संसद में वंदे मातरम को लेकर 10 घंटे की बहस हुई, तो नेता प्रतिपक्ष के तौर पर राहुल गांधी को उपस्थित रहना चाहिए था, लेकिन देश ने देखा कि अहम मुद्दे पर चल रही चर्चा में वे शामिल नहीं हुए।

शाइना एनसी ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि हिंदू विचारधारा की बात करने वाली इनकी पार्टी के सांसद उस वक्त कहां गायब हो गए, जब संसद के अंदर वंदे मातरम को लेकर 10 घंटे की चर्चा चल रही थी।