भोपाल : 28 अप्रैल/ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के अंतर्गत आने वाले 16 जिलों के उच्चदाब उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और डिजिटल बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। कंपनी ने अब उच्चदाब नवीन संयोजन के प्रकरणों में अनुबंध निष्पादन के लिए अपने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ई-स्टाम्प (E-Stamp) प्रक्रिया लागू कर दी है।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा है कि कंपनी द्वारा शुरू की गई इस नई व्यवस्था के तहत, कंपनी के एचटी संयोजन पोर्टल को सीधे पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग (IGRS) के संपदा 2.0 पोर्टल के साथ एकीकृत किया गया है। कंपनी ने पंजीयन एवं मुद्रांक विभाग (IGRS) से विधिवत लाइसेंस प्राप्त कर यह सुविधा शुरू की है, जिससे ई-स्टाम्प जनरेशन और ई-हस्ताक्षर (E-Sign) की पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन और सुलभ हो गई है।
कार्यालय जाने की जरूरत नहीं, घर बैठे होगा अनुबंध
उच्चदाब उपभोक्ताओं को अब नवीन संयोजन के लिए ई-स्टाम्प या अनुबंध के लिए किसी सरकारी दफ्तर या बिजली कंपनी के कार्यालय में आने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता अपने मोबाइल या ईमेल पर प्राप्त एसएमएस/लिंक के माध्यम से आधार (Aadhaar) आधारित ई-साइन या डिजिटल सिग्नेचर का उपयोग कर सीधे संबंधित वृत्त के महाप्रबंधक के साथ अनुबंध निष्पादित कर सकेंगे। नये उच्चदाब कनेक्शन के लिए आवेदक दिए गये लिंक https://htsanyojan.mpcz.in:8089/applicantLogin पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि कंपनी अपने उपभोक्ताओं को त्वरित और आधुनिक सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। यह नई ऑनलाइन अनुबंध व्यवस्था उसी कड़ी का एक हिस्सा है, जिससे उद्योगों और बड़े उपभोक्ताओं के लिए घर बैठै बिजली कनेक्शन लेना अब बेहद आसान हो गया है।
ऑनलाइन प्रक्रिया की विशेषताएं
त्वरित और पारदर्शी: बाहरी कार्यालयों पर निर्भरता खत्म, पारदर्शी प्रक्रिया और समय की बचत।
पूर्णतः डिजिटल: ई-स्टाम्प शुल्क का भुगतान और अनुबंध पर हस्ताक्षर पोर्टल के माध्यम से ही संभव।
सुविधाजनक: उपभोक्ता कहीं से भी, किसी भी समय अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस : व्यापार करने में सुगमता

