SGSU Advertisement
Home राज्य आरएनटीयू के कैडेट रिशम का राष्ट्रीय एनसीसी समुद्र प्रशिक्षण शिविर के लिए...

आरएनटीयू के कैडेट रिशम का राष्ट्रीय एनसीसी समुद्र प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन

0
3

भोपाल : 2 नवंबर/ रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू), भोपाल के राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) ने एक और उपलब्धि हासिल की है। विश्वविद्यालय के बी.कॉम तृतीय वर्ष के विद्यार्थी और आरएनटीयू एनसीसी नेवल विंग के कैडेट कैप्टन रिशम का राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित एनसीसी समुद्र प्रशिक्षण शिविर 2026 के लिए चयन हुआ है। मुंबई में 23 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित इस 12 दिवसीय शिविर में देशभर के विभिन्न एनसीसी निदेशालयों से चयनित नौसेना विंग के कैडेट हिस्सा ले रहे हैं।

इस शिविर का आयोजन एनसीसी निदेशालय, महाराष्ट्र द्वारा भारतीय नौसेना के पश्चिमी नौसेना कमान के समन्वय से किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से कैडेट्स को भारतीय नौसेना की कार्यप्रणाली, आधुनिक समुद्री तकनीक, युद्धपोतों, पनडुब्बियों और नौसैनिक जीवन को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।

युद्धपोतों और पनडुब्बी सिंधुकेसरी का किया भ्रमण

शिविर के दौरान कैडेट रिशम ने भारतीय नौसेना के कई प्रमुख युद्धपोतों और नौसैनिक जहाजों का भ्रमण किया। इनमें आईएनएस तबर, आईएनएस बेतवा, आईएनएस तलवार, आईएनएस कोच्चि, आईएनएस चेन्नई, आईएनएस सुभद्रा और मंजुला शामिल हैं। इसके अलावा, उन्हें आईएनएस सिंधुकेसरी पनडुब्बी का भ्रमण करने का अवसर भी मिला। इस दौरान उन्होंने जहाजों की संरचना और उनकी कार्यप्रणाली को करीब से समझा।

इन युद्धपोतों और पनडुब्बी का भ्रमण उनके लिए ज्ञानवर्धक अनुभव रहा। इससे उन्हें भारतीय नौसेना की समुद्री सुरक्षा क्षमता, आधुनिक तकनीक और नौसैनिक संचालन की जानकारी प्राप्त हुई।

नौसैनिक प्रशिक्षण और विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता

12 दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य कैडेट्स को भारतीय नौसेना के पेशेवर वातावरण से परिचित कराना तथा उनमें समुद्री कौशल, नेतृत्व क्षमता और साहस का विकास करना है। शिविर में युद्धपोतों और पनडुब्बियों की संरचना, इंजीनियरिंग, संचालन प्रणाली एवं आधुनिक तकनीक की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही बेसिक सीमैनशिप, नेविगेशन, संचार प्रणाली, अग्निशमन, न्यूक्लियर, बायोलॉजिकल एंड केमिकल (NBC) डिफेंस और डैमेज कंट्रोल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी शामिल है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत कैडेट्स ने मुंबई स्थित आईएनएस शिकरा नौसैनिक हेलिपोर्ट एवं विमानन केंद्र और ऐतिहासिक नेवल डॉकयार्ड का शैक्षणिक भ्रमण किया। यहां उन्हें नौसैनिक जहाजों के रखरखाव, मरम्मत और निर्माण संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिला। इसके अलावा, सैन्य इतिहास समिति संग्रहालय के भ्रमण के माध्यम से भारतीय सैन्य एवं नौसैनिक इतिहास से परिचित कराया गया।

शिविर में पुनीत सागर अभियान के अंतर्गत समुद्री तटों और जल क्षेत्रों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही कैडेट्स को गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव और जुहू बीच जैसे मुंबई के प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जा रहा है।

आरएनटीयू एनसीसी की उपलब्धियों में जुड़ा एक और अध्याय

कुलगुरु डॉ. रवि प्रकाश दुबे ने बताया कि रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय का एनसीसी नेवल विंग वर्ष 2014 से 1 एमपी नवल यूनिट एनसीसी, भोपाल से संबद्ध है। यह इकाई युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, साहस, राष्ट्रभक्ति और सैन्य भावना विकसित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

वहीं रजिस्ट्रार डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि कैडेट कैप्टन रिशम का राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए चयन विश्वविद्यालय की एनसीसी प्रशिक्षण व्यवस्था के साथ कैडेट्स की मेहनत और समर्पण को दर्शाता है।

एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट मनोज मनराल ने बताया कि विश्वविद्यालय के कैडेट्स राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के विभिन्न प्रशिक्षण शिविरों, यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम, गणतंत्र दिवस परेड, ऑल इंडिया नौ सैनिक कैंप, ऑल इंडिया यॉटिंग रेगाटा सहित अन्य प्रतिष्ठित एनसीसी गतिविधियों में सहभागिता करते रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स विश्वविद्यालय के साथ-साथ मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ निदेशालय का प्रतिनिधित्व करते हुए गौरव बढ़ा रहे हैं।