भोपाल : 25 जून/ मध्यप्रदेश लीग (MPL) 2026 में आईसेक्ट इंडिया द्वारा उतारी गई रॉयल निमाड़ ईगल्स टीम इस वर्ष मैदान पर प्रदर्शन के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का भी मजबूत संदेश दे रही है। खेल और सामाजिक सरोकारों को एक साथ जोड़ते हुए आईसेक्ट इंडिया ने रॉयल निमाड़ ईगल्स टीम के साथ दो विशेष सोशल इनिशिएटिव्स की शुरुआत की है, जिनका उद्देश्य बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और निमाड़ क्षेत्र में क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है।
इन पहलों के अंतर्गत, एमपीएल 2026 में किसी भी टीम द्वारा बनाए गए प्रत्येक 100 रन पर मध्यप्रदेश की बालिकाओं को आईसेक्ट विश्वविद्यालय समूह के विश्वविद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। यह पहल प्रदेश की बेटियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और शिक्षा के माध्यम से उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करने की दिशा में एक सार्थक कदम है।
इसी प्रकार, रॉयल निमाड़ ईगल्स टीम द्वारा बनाए गए प्रत्येक 100 रन पर निमाड़ क्षेत्र में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट किट वितरित की जाएंगी। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें खेल के प्रति प्रेरित करना और जमीनी स्तर पर क्रिकेट संस्कृति को मजबूत बनाना है।
आईसेक्ट इंडिया के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने इन पहलों पर कहा, “आईसेक्ट इंडिया हमेशा से शिक्षा, कौशल और सामाजिक सशक्तिकरण को अपनी प्राथमिकता मानता आया है। रॉयल निमाड़ ईगल्स के माध्यम से हम केवल क्रिकेट टीम नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन को आगे बढ़ा रहे हैं। एमपीएल में हर 100 रन को बेटियों की शिक्षा और निमाड़ में क्रिकेट के विकास से जोड़ना हमारे लिए खेल को समाज परिवर्तन के माध्यम के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। हमें विश्वास है कि यह पहल न केवल युवाओं को प्रेरित करेगी, बल्कि शिक्षा और खेल—दोनों क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करेगी।”

