Friday, June 19, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय चीन और मॉरिटानिया के राष्ट्रपतियों ने बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया

चीन और मॉरिटानिया के राष्ट्रपतियों ने बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया

0
233

बीजिंग, 19 जुलाई (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मॉरिटानिया के राष्ट्रपति मुहम्मद औलद शेख अल ग़ज़ौनी के साथ दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापना की 60वीं वर्षगांठ पर एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजा।

अपने बधाई संदेश में शी चिनफिंग ने कहा कि राजनयिक संबंध स्थापना के बाद पिछले 60 सालों में चाहे अंतर्राष्ट्रीय स्थिति में कितना भी बड़ा परिवर्तन क्यों न आया हो, चीन और मॉरिटानिया हमेशा एक-दूसरे का सम्मान करते हैं और समान व्यवहार करते हैं। हमने विकासशील देशों के बीच सहायता करने और आपसी लाभ व समान जीत वाला उदाहरण स्थापित किया।

शी चिनफिंग ने कहा कि हाल के वर्षों में चीन-मॉरिटानिया संबंधों का स्वस्थ और सतत विकास कायम रहा। आपसी राजनीतिक विश्वास मजबूत हो रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान व सहयोग में व्यापक प्रगति हासिल हुई। पिछले साल चीन-अफ्रीका सहयोग मंच के पेइचिंग शिखर सम्मेलन के दौरान मैंने राष्ट्रपति ग़ज़ौनी से मुलाकात की। हमने महत्वपूर्ण सहमति कायम की और एक साथ चीन-मॉरिटानिया संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने की घोषणा की। इससे दोनों देशों के बीच संबंधों का नया अध्याय जुड़ा। मैं चीन-मॉरिटानिया संबंधों के विकास पर बड़ा ध्यान देता हूं और राष्ट्रपति ग़ज़ौनी के साथ पारंपरिक मित्रता, आपसी विश्वास और सहयोग बढ़ाना चाहता हूं, ताकि दोनों देशों के लोगों को फायदा मिल सके।

वहीं, ग़ज़ौनी ने कहा कि पिछले 60 सालों में मॉरिटानिया और चीन ने मजबूत मित्रता स्थापित की। हमने विभिन्न स्तरों पर घनिष्ठ सहयोग किया और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर एक-दूसरे का समर्थन किया। मॉरिटानिया-चीन रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों के लोगों को फायदा पहुंचाएगी और विभिन्न देशों के लोगों की सुरक्षा व समृद्धि बढ़ाने के लिए लाभदायक होगी।

चीनी प्रधानमंत्री ली छ्यांग और मॉरिटानिया के प्रधानमंत्री मोख्तार औलद अजयी ने भी बधाई संदेशों का आदान-प्रदान किया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)