Saturday, July 25, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth भोपाल में पहली बार आयोजित होगी ‘वेलोसिटी नाइट रन 2026’

भोपाल में पहली बार आयोजित होगी ‘वेलोसिटी नाइट रन 2026’

0
7

टीटी नगर स्टेडियम में दौड़ेगी फिटनेस, जुनून और ऊर्जा की नई रफ्तार

भोपाल, 2 जून। राजधानी भोपाल जल्द ही एक अनूठे खेल और फिटनेस आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी (आरएनटीयू) द्वारा पहली बार “वेलोसिटी नाइट रन 2026” का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष नाइट रन 6 जून 2026 को टीटी नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेशभर से रनर्स, फिटनेस प्रेमी, युवा और खेल उत्साही भाग लेंगे।

इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस, स्वास्थ्य जागरूकता, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देना है। रात्रिकालीन वातावरण में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम प्रतिभागियों को रोशनी से जगमगाते स्टेडियम के बीच दौड़ने का एक नया और रोमांचक अनुभव प्रदान करेगा।

1, 2 और 3 घंटे की श्रेणियों में होगी प्रतियोगिता

वेलोसिटी नाइट रन में प्रतिभागियों के लिए 1 घंटे, 2 घंटे और 3 घंटे की विभिन्न श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रतिभागी अपनी शारीरिक क्षमता और पसंद के अनुसार इनमें हिस्सा ले सकेंगे।

आयोजकों के अनुसार सभी प्रतिभागियों को रन प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पहले रिपोर्टिंग करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए स्टेडियम में विभिन्न रंगों की ट्रैक लेन निर्धारित की जाएंगी तथा विशेष फिटनेस और रनिंग जोन भी विकसित किए जाएंगे।

फिटनेस को उत्सव का रूप देने की पहल

रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि वेलोसिटी नाइट रन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली को प्रोत्साहित करने की प्रेरणादायी पहल है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने, आत्मविश्वास विकसित करने और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। खेल और फिटनेस व्यक्ति के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

युवाओं के समग्र विकास पर विश्वविद्यालय का फोकस

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि रबीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी सदैव विद्यार्थियों और युवाओं के समग्र विकास के लिए खेल, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास से जुड़े आयोजनों को प्रोत्साहित करती रही है।

उन्होंने कहा कि वेलोसिटी नाइट रन 2026 प्रतिभागियों को फिटनेस के साथ-साथ सकारात्मक ऊर्जा, टीम स्पिरिट और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करेगी।

फिटनेस प्रेमियों से सहभागिता की अपील

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने अधिक से अधिक युवाओं, खिलाड़ियों, रनर्स और फिटनेस प्रेमियों से इस विशेष नाइट रन में भाग लेने की अपील की है। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन भोपाल में फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रोशनी, ऊर्जा, उत्साह और खेल भावना से भरपूर यह आयोजन राजधानी के खेल कैलेंडर में एक नई पहचान बनाने की ओर अग्रसर है।