Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राज्य मध्य क्षेत्र विद्युत कंपनी का बड़ा एक्शन: दतिया में 100 से अधिक...

मध्य क्षेत्र विद्युत कंपनी का बड़ा एक्शन: दतिया में 100 से अधिक बकायादारों के कनेक्शन काटे, अब कुर्की और बैंक अकाउंट सीज की चेतावनी

0
8

ग्वालियर / दतिया, 22 मई | मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए दतिया शहर में बड़ी कार्रवाई की है। कंपनी ने शहर के विभिन्न इलाकों में बिजली बिल नहीं चुकाने वाले 100 से अधिक बड़े बकायादार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन तत्काल प्रभाव से विच्छेदित कर दिए।

5 विशेष टीमों ने की सघन चेकिंग
कंपनी के महाप्रबंधक (दतिया) श्री धर्मेंद्र कौशिक के निर्देशन में राजस्व वसूली अभियान के तहत 5 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने शहर के दिनारा रोड, एकता नगर, गांधी रोड, पंचशील कॉलोनी और बुंदेल कॉलोनी सहित प्रमुख क्षेत्रों में सघन जांच कर डिफॉल्टर्स के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया।

महाप्रबंधक ने किया औचक निरीक्षण
महाप्रबंधक धर्मेंद्र कौशिक ने स्वयं डिस्कनेक्शन टीमों के कामकाज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद उपभोक्ताओं से बातचीत कर उन्हें समय पर बिल भुगतान के लिए प्रेरित किया। श्री कौशिक ने स्पष्ट कहा कि भीषण गर्मी के मौसम में सुचारु विद्युत आपूर्ति के लिए समय पर राजस्व वसूली बेहद जरूरी है।

औद्योगिक बकायादारों पर होगी विशेष कार्रवाई
कंपनी ने मैदानी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि औद्योगिक श्रेणी के बड़े बकायादारों के कनेक्शन प्राथमिकता के आधार पर काटे जाएं। साथ ही, आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

कनेक्शन कटने के बाद अब कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी
कंपनी ने उपभोक्ताओं को चेतावनी दी है कि नियमित चूक करने वालों के खिलाफ अब सिर्फ कनेक्शन काटना ही पर्याप्त नहीं होगा। विद्युत अधिनियम की धारा 138 के तहत कुर्की, बैंक खाते सीज करने और अन्य कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।

कंपनी की अपील
मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे समय पर अपने बिजली बिलों का भुगतान करें और किसी भी अप्रिय कार्रवाई से बचने के लिए तुरंत अपनी बकाया राशि जमा करें। कंपनी ने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उपभोक्ताओं का सहयोग आवश्यक है।