Wednesday, May 27, 2026
SGSU Advertisement
Home राज्य मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कोलार क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने...

मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कोलार क्षेत्र में बिजली चोरी पकड़ने की बड़ी कार्रवाई, 51 किलोवाट का अवैध लोड पकड़ा

0
10

भोपाल : 26 मई/ मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कोलार रोड क्षेत्र के इनायतपुर गांव में विजिलेंट टीम के माध्‍यम से कार्रवाई करते हुए बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी पकड़ी है। बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ता पर की सख्‍त कार्यवाही के चलते उपभोक्‍ता द्वारा कुल ₹7.52 लाख का जुर्माना जमा किया है।

मध्‍य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक शहर वृत्‍त श्री प्रदीप सिंह चौहान ने बताया कि गत 22 मई 2026 को विजिलेंस टीम ने इनायतपुर (बैरागढ़ चिचली) निवासी उपभोक्ता श्री इकबाल खान के परिसर का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान परिसर में वैध सीमा से कहीं अधिक, कुल 51.17 किलोवाट (KW) का भार अवैध रूप से संचालित पाया गया। टीम ने तुरंत बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज कर उपभोक्ता पर लगभग ₹7.52 लाख की बिलिंग की गई है। कंपनी द्वारा विद्युत कनेक्शन काटने के बाद उपभोक्ता ने बिजली चोरी के प्रकरण में कुल ₹7.52 लाख की राशि कंपनी के खाते में जमा कराई है।

विद्युत कंपनी की अपील

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने स्‍पष्‍ट किया है कि बिजली चोरी और अनधिकृत उपयोग के विरूद्ध कंपनी द्वारा निरंतर अभियान संचालित किया जाएगा। कंपनी समस्त उपभोक्ताओं से आग्रह करती है कि वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें। बिजली चोरी न केवल एक दंडनीय अपराध है, बल्कि इससे विद्युत वितरण प्रणाली पर अनावश्यक भार पड़ता है, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ ही कंपनी को राजस्‍व की हानि होती है। कंपनी ने कहा है कि अनधिकृत उपयोग अथवा बिजली चोरी पकड़े जाने पर न केवल भारी जुर्माना लगाया जाएगा, बल्कि संबंधित के विरुद्ध न्यायालयीन कार्यवाही और जेल भेजने जैसे कड़े कदम भी उठाए जाएंगे। यदि उपभोक्‍ता अपने परिसर में गैर घरेलू (कमर्शियल) गतिविधि या उच्च क्षमता के उपकरण (जैसे कोल्ड स्टोरेज, ई-व्हीकल चार्जर) का उपयोग कर रहे हैं, तो नियमानुसार भार (Load) स्वीकृत कराएं तथा प्रयोजन के अनुसार कनेक्‍शन लें।