Sunday, July 5, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल राहुल के अर्धशतक से दिल्ली कैपिटल्स का चुनौतीपूर्ण स्कोर

राहुल के अर्धशतक से दिल्ली कैपिटल्स का चुनौतीपूर्ण स्कोर

0
69

चेन्नई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। केएल राहुल की 77 रनों की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आईपीएल मुकाबले में शनिवार को 20 ओवर में छह विकेट पर 183 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बना लिया।

दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन उसकी शुरुआत खराब रही । दिल्ली ने पहले ही ओवर में जैक फ्रेजर मैकगर्क को गंवा दिया। उस समय दिल्ली का खाता नहीं खुला था लेकिन इसके बाद राहुल ने अन्य बल्लेबाजों के उपयोगी सहयोग से दिल्ली की पारी को आगे बढ़ाना जारी रखा।

राहुल ने 51 गेंदों पर 77 रन की पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। वह पूरी पारी को संभालने के बाद आखिरी ओवर में आउट हुए। अभिषेक पोरेल ने 33, कप्तान अक्षर पटेल ने 21, समीर रिजवी ने 20 और ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 24 रन बनाकर दिल्ली को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया।

दिल्ली 200 की तरफ बढ़ती नजर आ रही थी लेकिन मथीशा पथिराना ने अपने अंतिम दो ओवरों में सिर्फ 13 रन दिए, इसी कारण से दिल्ली की टीम 200 के आंकड़े को पार करने में सफल नहीं हो पाई। अंतिम पांच ओवरों में सिर्फ 45 रन आए और यहीं पर सीएसके की टीम ने थोड़ी सी वापसी की है। पिच पर बिल्कुल भी घास नहीं है। ऐसे में यह स्कोर भी काफी अच्छा माना जा रहा है।