Thursday, July 16, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने को तैयार हैं आवेश खान

लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने को तैयार हैं आवेश खान

0
49

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। चोट से उबर रहे लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज आवेश खान को बीसीसीआई की तरफ से क्लियरेंस मिल गया है और वह अब आईपीएल 2025 का हिस्सा बन सकते हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो को पता चला है कि आवेश को दाएं घुटने में चोट थी और सोमवार को बीसीसीआई की मेडिकल टीम द्वारा उनका अंतिम फिटनेस टेस्ट हुआ।

आवेश ने इस साल जनवरी से ही प्रतिस्पर्धी क्रिकेट नहीं खेला है। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उन्होंने भारत के लिए टी20 खेला था। ऐसा समझा जा रहा है कि आवेश को यह चोट घरेलू सीजन के दौरान ही लगी थी। इसके बाद से ही वह लगातार एनसीए की निगरानी में थे।

हालांकि यह पता नहीं चल पाया है कि आवेश एलएसजी के दल से कब जुड़ेंगे, लेकिन उम्मीद है कि वह टीम के अगले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे जो कि 27 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हैदराबाद में है। एलएसजी को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है।

एलएसजी पहले से ही तेज गेंदबाजों की चोट से जूझ रहा है। मयंक यादव को निचले पीठ मे स्ट्रेस इंजरी थी और अब पंजे में भी चोट लग गई है, जबकि आकाश दीप भी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर लगी पीठ की चोट से पूरी तरह से नहीं उबर पाए हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ मोहसिन खान तो एसीएल चोट के कारण बाहर हो चुके हैं और उनकी जगह शार्दुल ठाकुर ने ली है।