भोपाल : 23 मई/ स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी (Scope Global Skills University) ने हॉस्पिटैलिटी एवं रेस्टोरेंट मैनेजमेंट क्षेत्र में शिक्षा एवं कौशल विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से नेशनल रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है।
इस साझेदारी के माध्यम से विश्वविद्यालय के बीबीए – हॉस्पिटैलिटी एवं रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के छात्र को उद्योग आधारित प्रशिक्षण, व्यावहारिक ज्ञान एवं रोजगारोन्मुख कौशल विकास से और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
इस एमओयू का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी एवं रेस्टोरेंट उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ना, उन्हें इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा इंडस्ट्री-रेडी प्रोफेशनल्स के रूप में तैयार करना है,इस सहयोग से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में करियर निर्माण के नए अवसर प्राप्त होंगे और वे उद्योग की बदलती आवश्यकताओं के अनुसार स्वयं को तैयार कर सकेंगे।
एसजीएसयू के चांसलर डॉ. सिद्धार्थ चतुर्वेदी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक डिग्री प्रदान करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योग आधारित शिक्षा से जोड़कर उन्हें रोजगारोन्मुख एवं सक्षम प्रोफेशनल बनाना है। NRAI के साथ यह सहयोग विद्यार्थियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण और बेहतर करियर अवसर प्रदान करेगा।
कुलगुरु डॉ. विजय सिंह एवं कुलसचिव डॉ. सितेश कुमार सिन्हा ने कहा कि यह एमओयू एसजीएसयू के इंडस्ट्री-लिंक्ड एजुकेशन मॉडल को और मजबूत करेगा तथा विद्यार्थियों को हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


