Sunday, June 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति झारखंड में चंपई सरकार का फ्लोर टेस्ट आज 11 बजे

झारखंड में चंपई सरकार का फ्लोर टेस्ट आज 11 बजे

0
118

रांची, 5 फरवरी (आईएएनएस)। झारखंड में चंपई सोरेन की सरकार का आज विधानसभा में दिन के 11 बजे फ्लोर टेस्ट होगा। झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन का दावा है कि सरकार आसानी से बहुमत हासिल करेगी। वोटिंग में उसके पक्ष में जो नंबर होगा, वह चौंकने वाला होगा।

पूर्व सीएम और बरहेट विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमंत सोरेन भी वोटिंग के दौरान सदन में मौजूद रहेंगे। वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं और तीन दिनों से ईडी की रिमांड पर हैं। अदालत ने उन्हें फ्लोर टेस्ट के दौरान एक घंटे के लिए सदन में उपस्थित होने की इजाजत दी है। फ्लोर टेस्ट के पहले राज्यपाल का अभिभाषण होगा।

फ्लोर टेस्ट में शामिल होने के लिए महागठबंधन के सभी विधायक रविवार देर शाम हैदराबाद से रांची वापस आ गए हैं। झारखंड की 81 सदस्यीय विधानसभा में वर्तमान में विधायकों की संख्या 80 है। गांडेय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले झामुमो के सरफराज अहमद ने करीब एक महीने पहले इस्तीफा दे दिया था। इस वजह से एक सीट खाली है।

दो विधायक गंभीर रूप से बीमार रहने की वजह से सदन में उपस्थित नहीं होंगे। इनमें एक झामुमो के रामदास सोरेन और दूसरे भाजपा के इंद्रजीत महतो हैं। ऐसे में सदन में बहुमत साबित करने के लिए जरूरी संख्‍या 40 होगी। सत्तारूढ़ गठबंधन के विधायकों की संख्या 48 है। इनमें स्पीकर भी शामिल हैं। वह वोट तभी करेंगे, जब वोटिंग में टाई की स्थिति बने।

सत्तारूढ़ गठबंधन के जिन तीन विधायकों सीता सोरेन, लोबिन हेंब्रम और चमरा लिंडा को नाराज बताया जा रहा था, उन्होंने भी सरकार के पक्ष में वोटिंग की बात कही है। विपक्षी भाजपा गठबंधन के विधायकों की संख्या 32 है। सत्तारूढ़ गठबंधन ने विधायकों को एकजुट रखने के लिए तीन दिनों तक हैदराबाद के रिजॉर्ट में रखा था। सभी विधायक रव‍िवार शाम हैदराबाद से वापस रांची आए। इन्होंने सीएम आवास में रात्रि विश्राम किया। सभी विधायक एक साथ सदन में पहुंचेंगे।