Monday, May 25, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन फिर साथ आए विक्रांत मैसी और मेधा शंकर, ’12वीं फेल’ के अनदेखे...

फिर साथ आए विक्रांत मैसी और मेधा शंकर, ’12वीं फेल’ के अनदेखे सीन किए साझा

0
34

मुंबई, 30 मई (आईएएनएस)। सुपरहिट फिल्म ’12वीं फेल’ की आधिकारिक स्क्रिप्ट पब्लिक डोमेन में जारी की जाएगी। इस कदम से भारतीय सिनेमा में पारदर्शिता लाने और फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को समझने में मदद मिलेगी।

पब्लिक डोमेन का मतलब है कि कोई चीज, जैसे किताब, गाना, फिल्म या तस्वीर, अब सभी के लिए मुफ्त और पहुंच में होगी। मतलब, उसे कोई भी बिना अनुमति इस्तेमाल कर सकता है, कॉपी कर सकता है या शेयर कर सकता है। इसमें कोई कॉपीराइट नहीं होता।

फिल्म में विक्रांत मैसी ने मनोज नाम के लड़के का किरदार निभाया था, वहीं एक्ट्रेस मेधा शंकर ने उनकी प्रेमिका श्रद्धा की भूमिका निभाई थी।

‘स्क्रिप्ट टू स्क्रीन’ एक खास झलक है, जो दर्शकों को फिल्म बनाने की प्रक्रिया दिखाती है। इसमें बताया गया है कि कैसे कहानी के कुछ हिस्से बदलते और सुधरते हैं। साथ ही, यह भी दिखाया गया है कि फिल्म की टीम ने मिलकर कैसे फैसले लिए और नई-नई सोच अपनाई।

वीडियो में फिल्म का एक खास और दिल को छू लेने वाला हटाया गया सीन शामिल है, जिसमें मनोज और श्रद्धा के बीच एक भावुक पल दिखाया गया है। इस सीन में श्रद्धा पहली बार मनोज से अपने प्यार का इजहार करती है। यह सीन उनके रिश्ते को और गहराई देता है और दर्शकों को उनके भावनात्मक जुड़ाव को बेहतर तरीके से समझने में मदद करता है।

इस सीन के बारे में बात करते हुए विक्रांत मैसी ने कहा, “मेधा के साथ वह हटाया गया सीन पढ़ते वक्त कई यादें और भावनाएं फिर से ताजा हो गईं। हम सब बहुत खुश हैं कि अब स्क्रीनप्ले सबके साथ बांटा जा रहा है। मुझे उम्मीद है कि फिल्म के शौकीन लोग इसे पसंद करेंगे और समझ पाएंगे कि पूरी टीम ने इस फिल्म को बनाने में कितनी मेहनत की है।”

टीम ने ये भी मजेदार बातें बताई हैं कि कुछ सीन कैसे बने। इसमें बताया गया है कि शूटिंग के दौरान अचानक आए आइडियाज और कलाकारों की खुद की सोच ने कुछ सीन को और भी खास और गहरा बना दिया।

मेधा शंकर ने कहा, “मैं वो दिन कभी नहीं भूलूंगी, जब मैंने पहली बार ’12वीं फेल’ की स्क्रिप्ट हाथ में ली थी। वो मेरे लिए जिंदगी का सबसे खास पल था। ऐसा लगता है, जैसे वो कल ही की बात हो और आज हम फिर से उन सीन को साथ याद कर रहे हैं। यह सब एक सपना जैसा लगता है। इस फिल्म ने मेरी जिंदगी को कई तरीकों से बदल दिया है।”

उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही उन्होंने डायलॉग पढ़े, वो तुरंत फिर से ‘श्रद्धा’ बन गईं। हालांकि असली सीन में उनके डायलॉग ज्यादा थे, लेकिन जो फाइनल सीन फिल्म में रखा गया, वो उन्हें पूरी तरह सही और असरदार लगा।

’12वीं फेल’ की स्क्रिप्ट और उससे जुड़ी सारी चीजें विधु विनोद चोपड़ा फिल्म्स के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर 3 जून को उपलब्ध हो जाएंगी।