मध्य प्रदेश के सिवनी में बारातियों का वाहन पलटा, 3 की मौत और 5 घायल

0
26

सिवनी, 13 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में बारातियों से भरा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं, दूल्हा-दुल्हन सहित पांच घायल हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घंसौर थाना क्षेत्र के लालपुर में रविवार की रात एक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इस शादी में हिस्सा लेने आए लोग सोमवार को लौट रहे थे। इसी बीच थाना क्षेत्र के हिनोतिया गांव के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।

पुलिस के मुताबिक बोलेरो में कुल आठ लोग सवार थे, जिनमें से तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दुल्हन की बहन भी है। दूल्हा-दुल्हन सहित पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया गया है।