Tuesday, July 14, 2026
SGSU Advertisement
Home धर्म इंदौर गेर में निकले पांच लाख लोगों ने खेली होली और सफाई...

इंदौर गेर में निकले पांच लाख लोगों ने खेली होली और सफाई सिर्फ 38 मिनट में

0
119

इंदौर, 19 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की व्यापारिक नगरी इंदौर की पहचान देश के सबसे साफ सुथरे शहर के तौर पर है, यह बात एक बार फिर रंगपंचमी के दिन निकली गेर के बाद जाहिर भी हो गई। यहां गेर में शामिल लगभग पांच लाख लोगों ने होली खेली, इसके बाद सड़कों पर बिखरी गंदगी को नगर निगम के अमले ने महज 38 मिनट में साफ कर दिया।

इंदौर स्वच्छता में किस तरह नंबर वन है, इसका एक नजारा बुधवार को फिर राजवाड़ा पर दिखाई दिया। रंग पंचमी के मौके पर राजवाड़ा क्षेत्र में निकली गेर में लगभग 5 लाख लोग शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र में रंग-गुलाल, चप्पल, जूते, प्लास्टिक की थैलियां, कपड़े आदि से कचरा और गंदगी हो गई। जब गेर समाप्त हुई, तब राजवाड़ा क्षेत्र में चारों ओर कचरा ही कचरा दिखाई दे रहा था। चारों ओर कचरा, जूते, चप्पल, कपड़े, प्लास्टिक की थैलियां, बोतलें, धूल, मिट्टी पड़ी हुई थी। नगर निगम के अमले ने आज फिर से यहां की सफाई को चुनौती के रूप में लिया।

नगर निगम के अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा की देखरेख में मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अखिलेश उपाध्याय द्वारा राजवाड़ा क्षेत्र और आसपास की गलियों में सफाई का अभियान प्रारंभ किया गया। मौके पर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा और अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया भी सफाई कर्मियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे। नगर निगम के सफाई कर्मी वाकई सम्मान के पात्र हैं कि उन्होंने राजवाड़ा क्षेत्र की सफाई मात्र 38 मिनट में पूरी कर ली।

रंगपंचमी के मौके पर व्यापारिक नगरी में गेर निकलती है और इसमें शामिल लाखों लोग अबीर-गुलाल और रंगों से जमकर होली खेलते हैं। यह आयोजन देश और दुनिया में अपने तरह का आयोजन है। यहां वाहनों पर मोटर रखकर रंग और गुलाल खूब उड़ाया जाता है और यह नजारा बुधवार को भी देखने को मिला। कोई भी ऐसा नहीं था जो रंग से बचा हो।