नोएडा, 14 फरवरी (आईएएनएस)। नोएडा पुलिस ने एक नाबालिग समेत अन्तर्राज्यीय वाहन चोर गैंग के तीन चोरों को पकड़ा है। सभी एनसीआर में बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी करने के बाद कुछ दिन बाइक छिपा देते थे और फिर ओएलएक्स पर बेच दिया करते थे। इनके पास से चोरी की 9 बाइक और एक स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना सेक्टर 39 नोएडा पुलिस ने बुधवार को स्टैलर पार्क से दादरी की तरफ वाले रास्ते से पिन्टू, रोहित और नाबालिग को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा।
उनकी निशानदेही पर 8 बाइक और एक स्कूटी बरामद की गई। आरोपी रेकी करके बाइक चुराते थे और सेक्टर-42 के जंगल में बनी झुग्गी-झोपडी में छिपा देते थे। बाद में चोरी की गाड़ियों को ओएलएक्स पर बेच देते थे।


