Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home मनोरंजन एयर इंडिया हादसे में मृत क्रू मेंबर सिंगसन को लेकर निकिता रावल...

एयर इंडिया हादसे में मृत क्रू मेंबर सिंगसन को लेकर निकिता रावल ने किया खुलासा, ‘उसने रियलिटी शो…’

0
52

मुंबई, 22 जून (आईएएनएस)। अभिनेत्री और निर्माता निकिता रावल ने हाल ही में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे में जान गंवाने वाली क्रू मेंबर लम्नुंथेम सिंगसन के बारे में एक चौंकाने वाला खुलासा किया।

निकिता ने बताया कि 26 वर्षीय लम्नुंथेम ने हाल ही में अपकमिंग रियलिटी शो के लिए ऑडिशन दिया था।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए ‘गरम मसाला’ फेम अभिनेत्री निकिता ने दुख व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, “विमान हादसे की खबर ने मुझे झकझोर दिया। इतने मासूम लोगों की जान जाना दुखद है। जब मैंने हादसे के डिटेल्स और मृतकों की सूची देखी, तो लम्नुंथेम का नाम और तस्वीर देखकर मुझे याद आया कि वह मेरे रियलिटी शो के ऑडिशन के लिए आई थीं।”

निकिता ने आगे कहा, “उनकी आंखों में गजब का उत्साह और सकारात्मकता थी। वह जिंदगी में कुछ बड़ा करना चाहती थी। यह हादसा जिंदगी की अनिश्चितता दिखाता है। 15 दिन पहले वह शो का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित थी और आज वह हमारे बीच नहीं हैं। मैं स्तब्ध हूं। मेरी प्रार्थना है कि ऐसा हादसा फिर कभी न हो। मृतकों की आत्मा को शांति मिले और उनके परिवारों को यह दुख सहने की ताकत मिले।”

बता दें कि 12 जून को एयर इंडिया का प्लेन हादसे का शिकार हो गया। इस फ्लाइट एआई-171 में 241 लोग सवार थे। अहमदाबाद में टेकऑफ के तुरंत बाद प्लेन क्रैश हो गया।

इस हादसे में 240 लोगों के साथ ही लम्नुंथेम सिंगसन की जान चली गई। उनके पार्थिव देह को इंडिगो फ्लाइट से अहमदाबाद से दीमापुर लाया गया, जहां परिवार, समुदाय के लोग और अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।

इस त्रासदी ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया।