Tuesday, August 25, 2026
spot_img
Home मनोरंजन करीना-पृथ्वीराज की ‘दायरा’ का पहला पोस्टर रिलीज, 31 अगस्त को आएगा ट्रेलर

करीना-पृथ्वीराज की ‘दायरा’ का पहला पोस्टर रिलीज, 31 अगस्त को आएगा ट्रेलर

0
4

मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की आगामी क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘दायरा’ में एक साथ पहली बार नजर आएंगे। मंगलवार को मेकर्स ने पहला पोस्टर रिलीज कर ट्रेलर रिलीज डेट की घोषणा की है।

जंगली पिक्चर्स ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम पर फिल्म का पोस्टर रिलीज किया, जिसे देखकर क्राइम फिल्म की एक झलक देखने को मिलती है। जारी किए गए पोस्टर में अभिनेत्री करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन पीठ से पीठ टिकाए खड़े नजर आ रहे हैं, चारों तरफ पुलिस टेप और पीछे धुंधला सा एक चेहरा दिखाई दे रहा है। यह पोस्टर दो अलग-अलग नजरियों की ओर इशारा करता है और दर्शकों को सोचने पर मजबूर करता है कि इन दोनों के बीच क्या रिश्ता है और इस लाइन के पार क्या छिपा है।

पोस्टर देख प्रतीत होता है कि सारे जवाब अभी भी पर्दे के पीछे हैं और ट्रेलर के करीब आते-आते दर्शकों के मन में सवाल और भी बढ़ गए हैं।

मेकर्स ने पोस्टर रिलीज कर लिखा, “दो अफसर, दो नजरिए, एक सच। ट्रेलर 31 अगस्त को रिलीज होगा। सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘दायरा’ हिंदी और मलयालम में सिनेमाघरों में आएगी।”

मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी फिल्म ‘दायरा’ का लेखन यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने किया है। वहीं, जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज मिलकर प्रोड्यूस करेंगे।

सच्ची घटनाओं से प्रेरित, ‘दायरा’ जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज के बीच पहला कोलैबोरेशन है। साथ ही, ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद मेघना गुलजार का जंगली पिक्चर्स के साथ यह तीसरा कोलैबोरेशन है। यह फिल्म करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की एक साथ पहली फिल्म भी है। ‘दायरा’ एक दिलचस्प कहानी का वादा करती है, जहां सच्चाई, न्याय और जवाबदेही एक-दूसरे से मिलते हैं।

जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतीलाल गडा (पेन स्टूडियोज) द्वारा प्रोड्यूस और पेन मरुधर द्वारा डिस्ट्रीब्यूटेड। ‘दायरा’ का ट्रेलर 31 अगस्त को आएगा और फिल्म 18 सितंबर को हिंदी और मलयालम में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।