सऊदी अरब में भारतीय युवक को लगी पुलिस की गोली, इलाज के दौरान मौत, जांच की मांग

0
12

नई दिल्ली, 1 नवंबर (आईएएनएस)। सऊदी अरब में एक भारतीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। झारखंड के विजय कुमार महतो की सऊदी अरब में पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई। अरब पुलिस और स्मग्लरों के बीच गोलीबारी हो रही थी। इसी दौरान विजय को गोली लग गई।

विजय महतो झारखंड के गिरिडीह जिले में डुमरी प्रखंड के मधगोपाली पंचायत के निवासी थे, जो अरब में हुंडई इंजीनियरिंग एंड कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे। कंपनी के एक सीनियर अधिकारी ने उन्हें कुछ सामग्री लेने के लिए भेजा था।

विजय सामान लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान वहां पर पुलिस स्मगलरों को पकड़ने के लिए फायरिंग कर रही थी। फायरिंग के दौरान एक गोली उन्हें लग गई। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान 24 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।

विजय ने अपनी पत्नी को एक वॉइस रिकॉर्डिंग भेजी थी। इसमें उन्होंने बताया कि पुलिस किसी और पर फायरिंग कर रही थी, तभी गलती से गोली उन्हें लग गई। इस मामले में विधायक जयराम कुमार महतो ने भारतीय दूतावास, झारखंड के राज्यपाल और गिरिडीह के डीसी को पत्र लिखकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उन्होंने मृतक के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाने की व्यवस्था करने और पीड़ित परिवार के लिए कानूनी और वित्तीय मदद की अपील की है।

दूसरी ओर, इस घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है। विजय अपने पीछे 5 और 3 साल के दो छोटे बच्चों को छोड़कर चले गए।

दूसरी ओर झारखंड के तीन जिलों से 48 मजदूरों के ट्यूनिशिया में फंसे होने की जानकारी सामने आई है। मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने मदद का निर्देश दिया है। मजदूरों ने वीडियो जारी कर मदद मांगी थी।

ट्यूनिशिया में फंसे मजदूरों ने दावा किया है कि उन्हें चार महीने से सैलरी नहीं मिली है। मजदूरों ने यह भी कहा है कि उनसे ओवरटाइम करवाया जा रहा है।

हालांकि, मामले की जानकारी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिल गई है। उन्होंने उचित कार्रवाई कर मजदूरों की मदद का निर्देश दिया है। वहीं, ट्यूनिशिया में भारतीय एंबेसी से भी मदद की अपील की है।