गोवा रेस्टोरेंट अग्निकांड: अजय गुप्ता गिरफ्तार, लूथरा ब्रदर्स की अग्रिम जमानत खारिज, थाईलैंड में हिरासत की जानकारी

0
15

पणजी, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। गोवा के मडगांव स्थित बिर्च बाय रोमियो लेन रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड मामले में जांच और कार्रवाई तेज हो गई है। गोवा पुलिस ने गुरुवार को प्रेस नोट जारी कर इस घटना से जुड़े कई अपडेट साझा किए। पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, आरोपियों पर कानूनी शिकंजा तेजी से कसता जा रहा है। साथ ही, सभी मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

गोवा पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, रेस्टोरेंट के पार्टनर अजय गुप्ता को दिल्ली से गिरफ्तार करने के बाद बुधवार रात गोवा लाया गया। गुरुवार को पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें सात दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है।

इसी मामले में आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा ने दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी, जिसे कोर्ट ने गुरुवार को खारिज कर दिया। सुनवाई के दौरान गोवा पुलिस ने इस याचिका का कड़ा विरोध किया। कोर्ट के फैसले के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावनाएं बढ़ गई हैं। इस बीच, विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त सूचना के आधार पर गोवा पुलिस ने बताया कि लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड में हिरासत में ले लिया गया है।

गोवा पुलिस ने दावा किया कि लूथरा ब्रदर्स को भारत वापस लाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया तय नियमों के अनुसार शुरू कर दी गई है। गोवा पुलिस ने यह भी पुष्टि की कि हादसे में मारे गए सभी 25 मृतकों के शवों की पहचान पूरी कर ली गई है और उन्हें उनके परिजनों को सौंप दिया गया है।

बता दें कि शनिवार रात को नाइटक्लब में आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। घटना के समय क्लब में करीब 100 लोग मौजूद थे। शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग लगने का कारण डेकोरेशन में ज्वलनशील पदार्थों का भारी इस्तेमाल था। आग से सुरक्षा के नियमों का भी चौंकाने वाला उल्लंघन पाया गया।