Saturday, June 13, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति देश को अराजकता की ओर ले जा रही है सरकार: हर्षवर्धन सपकाल

देश को अराजकता की ओर ले जा रही है सरकार: हर्षवर्धन सपकाल

0
22

बुलढाणा,16 जनवरी (आईएएनएस)। बीएमसी चुनाव में भाजपा गठबंधन की शानदार जीत के बाद जहां देशभर के भाजपा कार्यालयों में जश्न मनाया जा रहा है। वहीं विपक्षी दलों ने एक बार फिर चुनाव आयोग और सरकार पर धांधली के आरोप लगाए हैं।

बुलढाणा में महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आईएएनएस से बातचीत में बीएमसी चुनाव और महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों के नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव में धांधली से जुड़े सभी मुद्दों को सामने लाया जाना चाहिए। यदि चुनाव आयोग और सरकार के स्तर पर कोई समाधान नहीं निकलता है, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार देश को अराजकता की ओर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का बैंड भाजपा ने बजा दिया है।

महाविकास अघाड़ी और कांग्रेस के भविष्य को लेकर उन्होंने कहा कि हमारा रिश्ता मैत्रीपूर्ण है और बरकरार रहेगा। 2029 के चुनावों से पहले यह और मजबूत होगा और उसके बाद सभी फैसले अंतिम रूप से लिए जाएंगे।

महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस की स्थिति पर उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति में 350 सीटें जीतना अपने आप में एक बड़ी राजनीतिक उपलब्धि मानी जाएगी।

ठाकरे बंधुओं के साथ चुनाव लड़ने के सवाल पर हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि पुणे में कांग्रेस उद्धव ठाकरे (यूबीटी) के साथ थी और अमरावती में भी दोनों दल साथ थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के उम्मीदवारों ने महाराष्ट्र नगर पालिका चुनावों में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ा। लातूर में अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं।

शिवसेना (यूबीटी) नेता विनायक राउत ने कहा कि आज जो नतीजे आए हैं। एक भाजपा नेता ने दो दिन पहले ही इन आंकड़ों की जानकारी दे दी थी। अब वही आंकड़े नतीजों में सामने आए हैं। उन्हें यह पहले से कैसे पता था? यह किस तरह का जादू है? इसका राज आप भी जानते हैं। इसमें निश्चित रूप से कुछ गड़बड़ी हुई है, खासकर इस चुनाव प्रक्रिया और चुनाव चिह्न की तस्वीर को लेकर। मतदान में लगाई जाने वाली स्याही भी आसानी से निकल रही थी।