नई दिल्ली, 26 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका द्वारा भारत पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने के प्रस्ताव और प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर भारतीय निर्यात क्षेत्र के विशेषज्ञों ने गुरुवार को कहा कि भारत ने अपने हितों की रक्षा करते हुए तथ्यों के आधार पर मजबूत पक्ष रखा है। साथ ही, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को अंतिम रूप मिलने की स्थिति में भारतीय निर्यातकों, एमएसएमई और घरेलू उद्योगों के लिए नए अवसर खुल सकते हैं।
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गेनाइजेशंस (एफआईईओ) के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) डॉ. अजय सहाय ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि अमेरिका ने पहले कुछ विशेष मुद्दों के आधार पर 10 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लगाया था और अब कथित “अतिरिक्त उत्पादन क्षमता” के आधार पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ प्रस्तावित किया है।
उन्होंने कहा, “भारत सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त क्षमता मौजूद नहीं है और इस विषय पर अमेरिका के साथ रचनात्मक वार्ता जारी रहेगी।”
डॉ. सहाय ने आगे कहा, “भारत की स्थिति तथ्यों पर आधारित है। दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल भारत को अपनी वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए औद्योगिक क्षमता विकसित करनी पड़ती है। ऐसे में नए क्षेत्रों में उत्पादन क्षमता बढ़ाना किसी प्रकार की अतिरिक्त क्षमता नहीं, बल्कि विकास प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी टैरिफ का असर भारत के सभी निर्यातों पर समान रूप से नहीं पड़ेगा। भारत के लगभग 45 प्रतिशत निर्यात, जिनमें स्मार्टफोन और फार्मास्यूटिकल्स जैसे प्रमुख उत्पाद शामिल हैं, इन शुल्कों से प्रभावित नहीं होंगे। वहीं स्टील और एल्युमीनियम जैसे क्षेत्र पहले से ही ऊंचे शुल्क का सामना कर रहे हैं, इसलिए उनके लिए स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
डॉ. सहाय ने आईएएनएस से कहा कि भारत और अमेरिका के बीच चल रही व्यापार वार्ताओं में लगभग 99 प्रतिशत मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समझौते के अंतिम स्वरूप में भारत को संतुलित और न्यायसंगत शर्तें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि बिना समझौते के जहां 25 प्रतिशत तक टैरिफ लग सकता है, वहीं समझौते के बाद यह लगभग 17 प्रतिशत तक सीमित रह सकता है। उन्होंने कहा कि इस अंतर का प्रभाव निर्यातक, आयातक और उपभोक्ता मिलकर साझा करेंगे, इसलिए वास्तविक असर उतना गंभीर नहीं होगा जितना दिखाई देता है।
उन्होंने आगे कहा कि हालिया टैरिफ दबाव का एक सकारात्मक पक्ष यह भी है कि भारतीय निर्यातकों ने वैकल्पिक बाजारों की खोज और बाजार विविधीकरण पर अधिक ध्यान देना शुरू कर दिया है।
वहीं, भारतीय वाणिज्य मंडल (आईसीसी) की विमानन एवं पर्यटन विशेषज्ञ समिति के अध्यक्ष सुभाष गोयल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भारत को किसी भी परिस्थिति में दबाव में आकर व्यापार समझौता नहीं करना चाहिए। किसी भी व्यापार समझौते का आधार पारस्परिक सम्मान और दोनों देशों का साझा हित होना चाहिए।”
सुभाष गोयल ने आगे कहा कि भारत लगातार अपने निर्यात बाजारों का विस्तार कर रहा है और अमेरिका भी भारत जैसे बड़े बाजार और साझेदार की आवश्यकता को समझता है। ऐसे में उम्मीद है कि दोनों देशों के बीच जारी वार्ताओं का सकारात्मक परिणाम निकलेगा।
इसके साथ ही, पूर्व राजनयिक जे. के. त्रिपाठी ने आईएएनएस से कहा कि अमेरिकी प्रशासन की टैरिफ नीति में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह रणनीति कई बार दो कदम आगे और दो कदम पीछे जैसी लगती है।
उन्होंने कहा, “यदि टैरिफ बढ़ते हैं तो इसका असर केवल निर्यातक देशों पर ही नहीं, बल्कि अमेरिकी उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है, क्योंकि कई उत्पाद अमेरिका में आसानी से उपलब्ध नहीं हैं या घरेलू स्तर पर अधिक महंगे साबित होते हैं।”









