ईवीएम से हर चुनाव हो रहा है पारदर्शी, बैलेट पेपर देश को पीछे ले जाएगा : प्रवीण खंडेलवाल

0
15

नई दिल्ली, 22 जनवरी (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और बैलेट पेपर के मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बैलेट पेपर की व्यवस्था अब पुरानी हो चुकी है।

प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि देश तरक्की कर रहा है और डिजिटल तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है। ईवीएम ने देश में निष्पक्ष चुनाव कराने में एक प्रभावी और कारगर तरीका साबित किया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग बैलेट पेपर की बात कर रहे हैं, वे देश को 18वीं सदी में वापस ले जाना चाहते हैं। वे ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे लगातार चुनाव हार रहे हैं और जनता उन्हें पसंद नहीं कर रही। अपने आचरण को सुधारने के बजाय वे केवल आरोप-प्रत्यारोप में लगे हुए हैं।

भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत के 22 जनवरी से शुरू होने वाले संयुक्त सत्र को संबोधित न करने के फैसले पर भी प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि राज्यपाल का भाषण सरकार द्वारा तय किए गए नियमों और मानकों के तहत तैयार किया जाता है। अगर इसमें आलोचना जोड़ दी जाए, तो यह भारत की संसदीय व्यवस्था के लिए बड़ा झटका होगा।

प्रवीण खंडेलवाल ने आईएएनएस से कहा, “विपक्षी दल जहां भी सत्ता में हैं, उन्हें समझना चाहिए कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सभी को लोकतंत्र की सीमाओं के भीतर काम करना चाहिए। शायद विपक्ष इसे ठीक से नहीं समझ पा रहा है।”

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और सनातन धर्म को लेकर भी उन्होंने अपनी बात रखी। खंडेलवाल ने कहा कि अगर अखिलेश यादव सनातन पर बात नहीं करते हैं, तो यह ठीक है। उत्तर प्रदेश और देश की जनता जानती है कि वे एक विशेष समुदाय की राजनीति करते हैं। अखिलेश यादव के मुंह से ‘सनातन’ शब्द अच्छा नहीं लगता।

उन्होंने यह भी कहा कि सनातन मूल्यों की रक्षा भारतीय जनता पार्टी और सनातन को मानने वाले लोग खुद करते आए हैं और यह किसी की कृपा पर निर्भर नहीं है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ किए जाने पर भी भाजपा सांसद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मेहनत, नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के कारण दुनिया भर में लोगों के बीच एक खास जगह बनाई है।

प्रदूषण के मुद्दे पर बोलते हुए खंडेलवाल ने कहा कि प्रदूषण को रोकने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकारें मिलकर काम कर रही हैं। अलग-अलग राज्यों में प्रदूषण के अलग-अलग कारण हैं और उन पर चर्चा की जा रही है। अगर नागरिकों का सहयोग मिले, तो निश्चित रूप से प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सकता है।

उन्होंने नितिन नबीन के भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर भी प्रतिक्रिया दी। खंडेलवाल ने कहा, “यह भारतीय जनता पार्टी है, जो एक साधारण कार्यकर्ता को असाधारण नेतृत्व करने का मौका देती है। हमें पूरा विश्वास है कि नितिन नबीन के नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा देश में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।”