Wednesday, July 15, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय पैन आईआईटी ग्लोबल लीडरशिप समिट के लिए आदित्य सिंह सुदर्शन बने बिहार...

पैन आईआईटी ग्लोबल लीडरशिप समिट के लिए आदित्य सिंह सुदर्शन बने बिहार के एम्बेसडर

0
43

पटना, 31 जनवरी (आईएएनएस)। देश की राजधानी नई दिल्ली के यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में जून के महीने में होने वाले पैन आईआईटी ग्लोबल लीडरशिप समिट 2026 के लिए सामाजिक सरोकार रखने वाले आदित्य सिंह सुदर्शन को बिहार का एम्बेसडर बनाया गया है। ‎

समिट के चेयर गौरव गोयल और को-चेयर आशिष शांडिल्य के नेतृत्व में होने वाले इस आयोजन में पहली बार किसी वैश्विक मंच पर बिहार का भव्य पवेलियन स्थापित होगा, जिसका नेतृत्व आदित्य सिंह सुदर्शन करेंगे। एम्बेसडर के रूप में आदित्य सिंह सुदर्शन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वे दुनिया के 600 से अधिक बड़े ग्लोबल फंड्स और निवेश संस्थाओं, जिनमें ब्लैक रॉक और ब्लैक स्टोन जैसे दिग्गज शामिल हैं, के साथ सीधा संवाद करेंगे।

आदित्य का मुख्य लक्ष्य इन अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को बिहार की क्षमता से रूबरू कराना और उन्हें राज्य में बड़े पैमाने पर उद्योग लगाने के लिए आमंत्रित करना है। इस समिट में विश्व के 40 से अधिक देशों के शीर्ष राजनयिक हिस्सा लेंगे। आदित्य सिंह सुदर्शन इन वैश्विक नेताओं की मेजबानी करेंगे और बिहार के साथ उनके देशों के मजबूत राजनयिक और व्यापारिक संबंध स्थापित करने की दिशा में कार्य करेंगे।

दावा किया जा रहा है कि यह आयोजन बिहार को सीधे वैश्विक कूटनीति और उद्योग क्षेत्र के केंद्र में खड़ा करेगा। आदित्य सिंह सुदर्शन ने अपना विजन साझा करते हुए कहा, “बिहार की प्रतिभा आज दुनिया चला रही है, लेकिन मेरा सपना है कि वह प्रतिभा बिहार को चलाए। मैं चाहता हूं कि बिहार देश का सबसे बड़ा ‘कमर्शियल हब’ बने। दुनिया की बेहतरीन कंपनियों को बिहार लाकर हम पलायन रोकेंगे, ताकि हमारे राज्य के युवाओं को अपने परिवार के पास रहकर ही विश्व स्तरीय रोजगार के अवसर मिल सकें।”

एम्बेसडर बनने पर प्रसन्नता जताते हुए आदित्य सिंह सुदर्शन ने कहा कि पैन आईआईटी ग्लोबल लीडरशिप समिट 2026 का आयोजन आगामी 20–21 जून 2026 को नई दिल्ली में होने जा रहा है। यह ‎यह प्रतिष्ठित आयोजन देश–विदेश के प्रमुख आईआईटी गणों को एक साझा मंच पर एकत्र करेगा, जिससे भारत को वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।