देश की तरक्की, प्रगति को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक बजट: नित्यानंद राय

0
5

पटना, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की ओर से रविवार को पेश केंद्रीय बजट की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी सरकार का यह बजट देश के 140 करोड़ लोगों की जन भावनाओं का प्रतीक है। इस बजट में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबके प्रयास का मूल मंत्र है।

उन्होंने कहा कि यह बजट देश की बुनियादी ढांचे को मजबूत करने वाला, रोजगार प्रदान करने वाला और विकसित भारत की नींव को मजबूत करने वाला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के बजट का फोकस डिफेंस सेक्टर, किसानों की आय, क्रिटिकल मिनरल्स, डेटा सेंटर, इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और अर्थव्यवस्था पर है। इस बजट से मध्यम वर्ग, उद्योग, स्टार्टअप्स और निवेशकों के लिए बहुत कुछ है।

बिहार भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और उजियारपुर से सांसद नित्यानंद राय ने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर से सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपए के पूंजीगत व्यय प्रावधान किया है, जिससे कनेक्टिविटी बेहतर होगी, परियोजनाओं की गति तेज़ होगी और समग्र बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर का सीधा असर रोजगार और आवागमन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है, जिसका फायदा हर सेक्टर के लोगों को मिलना भी तय है।

उन्होंने कहा कि यह बजट ऐतिहासिक है और देश के विकास को दिशा देने वाला बजट है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला, युवा सभी वर्गों के कल्याण के लिए इस बजट में प्रावधान किए गए हैं। देश के किसानों के हितों को खास तौर पर ध्यान में रखा गया है। रेल नेटवर्क के विस्तार और सात बड़े हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का प्रावधान इस बजट में किया गया है। वाराणसी से सिलीगुड़ी के बीच एक नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है, इस कॉरिडोर का रूट बिहार से होकर गुजरेगा।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के लोगों की तरफ से बधाई देते हुए कहा कि इस बार के बजट में भी वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार को बड़ी सौगात देते हुए पटना में ‘शिप रिपेयर इकोसिस्टम’ विकसित करने का ऐलान किया है।