SGSU Advertisement
Home अपराध नोएडा में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को पुलिस का सख्त अभियान, सार्वजनिक स्थानों...

नोएडा में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने को पुलिस का सख्त अभियान, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई

0
21

नोएडा, 10 फरवरी (आईएएनएस)। कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत बीती देर रात कुल 383 व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान ग्रेटर नोएडा जोन में संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा साद मियां खान के निर्देशन में तथा अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार के पर्यवेक्षण में किया गया। इसके साथ ही जोन के सभी सहायक पुलिस आयुक्तों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में निकट निगरानी रखते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से अंजाम दिया गया।

9 फरवरी को चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई करना था। पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ धारा 292 बीएनएस के अंतर्गत विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। पुलिस का मानना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से न केवल कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।

थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से 42, थाना बीटा-2 से 28, थाना दादरी से 52, थाना जारचा से 32, थाना कासना से सर्वाधिक 75, थाना ईकोटेक-प्रथम से 14, थाना दनकौर से 62, थाना जेवर से 62 तथा थाना रबूपुरा क्षेत्र से 16 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने स्पष्ट किया है कि जनसुरक्षा, शांति व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र को सुरक्षित और अनुशासित बनाया जा सके।

–आईएएनएस

पीकेटी/एएस