‘लोकसभा स्पीकर के चैंबर में जबरन घुसे कांग्रेस सांसद, गाली गलौच की’, किरेन रिजिजू ने शेयर किया वीडियो

0
9

नई दिल्ली, 12 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के कई सांसदों ने जबरन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में घुसकर उन्हें गालियां दीं और धमकाया।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने बयान में कहा, “कांग्रेस के 20-25 सांसद लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में जबरदस्ती घुसे। वहां उनकी तरफ से गाली गलौच की गई। प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी में कांग्रेस सांसदों ने गालियां दीं।”

रिजिजू ने आरोप लगाया कि स्पीकर के चैंबर में ही कांग्रेस के सांसदों ने धमकी दी थी कि ‘जब सदन में बोलने के लिए प्रधानमंत्री आएंगे तो देखिएगा हम लोग क्या करेंगे।’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संसद के अंदर की घटना सभी ने देखी और वह रिकॉर्ड भी हुई। केंद्रीय मंत्री ने ‘एक्स’ पर घटना का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के ही सांसदों ने इसे गैर-कानूनी तरीके से रिकॉर्ड किया था।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “यह एक गैर-कानूनी वीडियो क्लिप है, जिसे एक कांग्रेस सांसद ने तब बनाया था जब 20-25 कांग्रेसी सदस्य स्पीकर के चैंबर में घुसे, उन्हें गालियां दीं और प्रधानमंत्री को धमकाया। हमारी पार्टी बहस और चर्चा में विश्वास करती है और कभी भी सांसदों को मारपीट करने के लिए बढ़ावा नहीं देती।”

किरेन रिजिजू ने अपने वीडियो संदेश में कहा, “बिल्कुल उम्मीद नहीं है कि राहुल गांधी में कोई सुधार होगा और वे कुछ अच्छी बातें करेंगे। कांग्रेस की सोच बिखर चुकी है। राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं, इसलिए हम फिर भी यही आशा करेंगे कि वे अपने आप में सुधार लाएं।”

उन्होंने संसद के अंदर की घटना का भी जिक्र किया, जब कांग्रेस की कई महिला सांसद प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी तक पहुंच गई थीं। रिजिजू ने कहा, “एनडीए के सांसदों की सहन शक्ति बहुत ज्यादा है। अगर हम संसद में अपने एनडीए सांसदों को खुली छूट देते तो संसद में स्थिति बिगड़ जाती।”